Kota News
Kota News
देशभर में जहां जेईई एडवांस्ड के टॉप रैंकर्स का सपना अक्सर आईआईटी बॉम्बे की कंप्यूटर साइंस सीट होता है, वहीं कोटा में पढ़े ओडिशा के जुड़वा भाइयों ने सफलता की एक अलग मिसाल पेश की है. तीन साल तक कोटा में रहकर तैयारी करने वाले महारूफ और मसरूर ने न सिर्फ शानदार रैंक हासिल की, बल्कि भाईचारे की ऐसी कहानी लिख दी, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.
भाई के लिए छोड़ा IIT बॉम्बे-
जेईई एडवांस्ड 2026 में महारूफ ने ऑल इंडिया रैंक-32 हासिल की, जबकि उनके जुड़वा भाई मसरूर की ऑल इंडिया रैंक-169 आई. दोनों बचपन से लेकर अब तक साथ पढ़ते आए, लेकिन रैंक में अंतर के कारण आगे की पढ़ाई में साथ रहना मुश्किल हो सकता था. वजह यह कि महारूफ को आसानी से आईआईटी बॉम्बे में कंप्यूटर साइंस मिल सकती थी, जबकि मसरूर के लिए वहां सीट मिलना आसान नहीं था.
ऐसे में बड़े भाई महारूफ ने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने परिवार के साथ-साथ शिक्षा जगत में भी लोगों को भावुक कर दिया. उन्होंने आईआईटी बॉम्बे छोड़कर आईआईटी मद्रास को प्राथमिकता देने का फैसला किया, ताकि दोनों भाई एक ही संस्थान में साथ रहकर कंप्यूटर साइंस में बीटेक कर सकें.
भाई के साथ पढ़ना ज्यादा जरूरी- महारूफ
महारूफ कहते हैं कि मुझे आईआईटी बॉम्बे में कंप्यूटर साइंस मिल रही है, लेकिन मैं अपने भाई के साथ ही पढ़ना चाहता हूं. इसलिए हम दोनों आईआईटी मद्रास में कंप्यूटर साइंस लेने की तैयारी कर रहे हैं. वहीं, मसरूर इस फैसले को लेकर भावुक नजर आते हैं. उनका कहना है कि भाई का इतना सपोर्ट मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. हम दोनों हमेशा एक-दूसरे का साथ देते आए हैं. इसी वजह से आगे की पढ़ाई भी साथ करना चाहते हैं.
पेरेंट्स का कहना है कि दोनों भाइयों ने रिश्ते को करियर से ऊपर रखा है और एक-दूसरे की मदद करना हमेशा उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है.
मां ने छोड़ी नौकरी, बच्चों के लिए कोटा आईं-
दोनों भाइयों की सफलता के पीछे परिवार का बड़ा त्याग भी जुड़ा हुआ है. पिता डॉ. मंसूर अहमद खान एमडी मेडिसिन हैं और आईआईटी भुवनेश्वर की डिस्पेंसरी के इंचार्ज हैं. वहीं, मां डॉ. जीनत बेगम, एमएस गायनेकोलॉजी, पहले ओडिशा पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड के अस्पताल में सरकारी चिकित्सक थीं.
लेकिन जब बच्चों ने इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए कोटा आने का फैसला किया तो मां ने अपनी नौकरी छोड़ दी और बच्चों के साथ कोटा आकर रहने लगीं. पिता नौकरी के कारण ओडिशा में रहे और हर दो महीने में कुछ दिनों के लिए ही कोटा आ पाते थे.
पिता कहते हैं कि दोनों की सफलता का सबसे ज्यादा श्रेय मेरी पत्नी को जाता है. मैं छुट्टियों की वजह से ज्यादा समय नहीं दे पाता था, लेकिन उन्होंने अकेले बच्चों को संभाला, सपोर्ट किया और पढ़ाई का पूरा माहौल बनाया.
शानदार रिजल्ट, दमदार एकेडमिक रिकॉर्ड-
महारूफ का प्रदर्शन शुरू से ही बेहतरीन रहा. जेईई एडवांस्ड में उनकी AIR-32 रही, जबकि जेईई मेन में 44वीं रैंक हासिल की. 10वीं बोर्ड में 95.20 प्रतिशत और 12वीं में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. वहीं, मसरूर ने जेईई एडवांस्ड में AIR-169 और जेईई मेन में 58वीं रैंक हासिल की. उन्होंने 10वीं में 97.6 प्रतिशत और 12वीं में 94.6 प्रतिशत अंक अर्जित किए.
तय रूटीन पर काम-
कोटा में दोनों भाइयों की जिंदगी लगभग एक जैसी रही. सुबह से रात तक दोनों का तय रूटीन था. कोचिंग में करीब 5 घंटे पढ़ाई, उसके बाद लगभग 1 घंटे डाउट क्लियर करना और फिर घर लौटकर करीब 6 घंटे अलग-अलग हिस्सों में सेल्फ स्टडी करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था.
मूड फ्रेश रखने के लिए क्या करते थे?
मूड फ्रेश रखने के लिए दोनों करीब 1 घंटा बैडमिंटन खेलते थे. फोन का इस्तेमाल भी मुख्य रूप से स्टडी मैटेरियल और पढ़ाई से जुड़े कामों तक सीमित था. रोजमर्रा की गतिविधियों में करीब 3 घंटे निकल जाते और दोनों 7 घंटे की नींद जरूर लेते थे.
महारूफ बताते हैं कि हम दोनों में हेल्दी कंपटीशन था. एक-दूसरे के कमजोर टॉपिक समझाते थे, डाउट क्लियर करते थे. कई बार टीचर से पूछने की जरूरत ही नहीं पड़ती थी, क्योंकि हम खुद मिलकर सॉल्यूशन निकाल लेते थे. वे बताते हैं कि टेस्ट में कम नंबर आने पर भी दोनों एक-दूसरे को मोटिवेट करते थे और कभी कमजोरी महसूस नहीं होने देते थे.
डॉक्टर मां-बाप, लेकिन बेटों ने चुना इंजीनियरिंग का रास्ता-
दोनों भाइयों के पेरेंट्स डॉक्टर हैं, इसलिए मेडिकल लाइन चुनने का सवाल स्वाभाविक था. लेकिन दोनों का कहना है कि कक्षा 9 से ही उनका झुकाव मैथ्स की तरफ था और वहीं से इंजीनियरिंग का सपना बन गया. मसरूर कहते हैं कि नवीं से ही मैथ्स में इंटरेस्ट था. तभी तय कर लिया था कि आईआईटी करना है और कोटा जाकर तैयारी करनी है.
दोनों भाइयों का अगला लक्ष्य सिर्फ इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं है. उनका कहना है कि आईआईटी मद्रास से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने के बाद वे सिविल सर्विसेज की तैयारी करना चाहते हैं. साथ ही भविष्य में आईआईएम से पढ़ाई का विकल्प भी खुला रखना चाहते हैं.
दादा से मिली इंजीनियरिंग की प्रेरणा-
पिता बताते हैं कि उन्होंने बच्चों को मेडिकल की तरफ आने के लिए कहा था, लेकिन दोनों का झुकाव इंजीनियरिंग में था. इसलिए परिवार ने उन पर कोई दबाव नहीं बनाया.
दिलचस्प बात यह है कि बच्चों के दादा मुजम्मिल अहमद खान ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईएससी बेंगलुरु से मैटेरियल्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. ऐसे में परिवार को लगता है कि अब तीसरी पीढ़ी फिर इंजीनियरिंग की राह पर आगे बढ़ रही है.
पिता मुस्कुराते हुए कहते हैं कि मेरे पिता इंजीनियर थे, मैं डॉक्टर बन गया और अब मेरे बच्चे इंजीनियर बनेंगे। हमने उन्हें वही करने दिया, जिसमें वे बेहतर कर सकते थे.
(चेतन गुर्जर की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: