scorecardresearch

CBSE 10वीं रिजल्ट में लखनऊ के छात्रों का शानदार जलवा, कठिन हालात में पार्थ दीक्षित ने रचा प्रेरणादायक सफलता का इतिहास

इस साल कई मेधावी छात्रों ने 99 प्रतिशत तक अंक हासिल कर लखनऊ का नाम रोशन किया. एलपीएस साउथ सिटी की अवनी द्विवेदी, अक्षरा पांडेय, आरव तिवारी और शगुन पांडेय ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. वहीं डीपीएस एल्डिको की स्वस्ति जैन ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया.

CBSE 10वीं परिणाम 2025-26 जारी CBSE 10वीं परिणाम 2025-26 जारी

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE ने सत्र 2025-26 का 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम बुधवार दोपहर बाद जारी कर दिया. इस परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच किया गया था. लखनऊ में करीब 20 हजार छात्रों ने 41 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी थी. लंबे इंतजार के बाद घोषित हुए इस परिणाम में शहर के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया.

इस साल कई मेधावी छात्रों ने 99 प्रतिशत तक अंक हासिल कर लखनऊ का नाम रोशन किया. एलपीएस साउथ सिटी की अवनी द्विवेदी, अक्षरा पांडेय, आरव तिवारी और शगुन पांडेय ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. वहीं डीपीएस एल्डिको की स्वस्ति जैन ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया.

इसी बीच एलपीएस गोमती नगर के छात्र पार्थ दीक्षित की सफलता की कहानी खास चर्चा में रही. पार्थ ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, लेकिन उनकी उपलब्धि केवल अंकों तक सीमित नहीं है. यह उनकी मेहनत और संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल भी है.

पार्थ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया. उन्होंने बताया कि उनके शिक्षकों ने नियमित रूप से सैंपल पेपर और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करवाकर उनकी तैयारी को मजबूत किया. परीक्षा से ठीक पहले पार्थ को अपनी मां की गंभीर बीमारी के बारे में पता चला. उनकी मां कैंसर से जूझ रही हैं. इस कठिन समय में भी पार्थ ने हिम्मत नहीं हारी और पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा दी.

पार्थ के अनुसार ऐसे हालात में मानसिक रूप से मजबूत रहना आसान नहीं था, लेकिन परिवार के सहयोग ने उन्हें संभाले रखा. अच्छे अंक प्राप्त करने के बाद उन्हें इस बात का संतोष है कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अच्छा प्रदर्शन किया. यह परिणाम एक बार फिर साबित करता है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और मजबूत इरादों से हर चुनौती को पार किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: