NEET UG 2025
NEET UG 2025
नीट यूजी 2026 की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए अहम अपडेट सामने आया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी आज यानी 26 अप्रैल 2026 को एडमिट कार्ड जारी करने जा रही है. छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. इस बार परीक्षा 3 मई 2026 को तय समय पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा से पहले एनटीए ने कुछ जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए हैं, जिन्हें हर छात्र को ध्यान से समझना जरूरी है ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो.
परीक्षा का समय और एंट्री नियम
नीट यूजी 2026 की परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी. यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफलाइन मोड यानी पेन और पेपर पर होगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें. केंद्र पर एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी. ध्यान रहे कि दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी भी छात्र को एंट्री नहीं मिलेगी. देर से पहुंचने पर परीक्षा देने का मौका हाथ से निकल सकता है.
इन चीजों पर पूरी तरह बैन
एनटीए ने साफ तौर पर कुछ वस्तुओं पर सख्त प्रतिबंध लगाया है. परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, कैलकुलेटर और पेन ड्राइव जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना मना है. इसके अलावा किताबें, नोट्स, ढीले कागज, ज्योमेट्री बॉक्स और लॉग टेबल भी अनुमति नहीं हैं.
पर्सनल सामान भी नहीं ले जा सकेंगे
छात्रों को वॉलेट, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी और भारी गहने पहनकर आने की इजाजत नहीं होगी. सनग्लासेस भी बैन हैं, लेकिन सामान्य चश्मा पहना जा सकता है. खाने-पीने की चीजें साथ लाने की अनुमति नहीं है, हालांकि पारदर्शी पानी की बोतल नियमों के अनुसार लाई जा सकती है.
ड्रेस कोड का रखें खास ध्यान
परीक्षा के दिन हल्के और साधारण कपड़े पहनना जरूरी है. बड़े बटन या ज्यादा डिजाइन वाले कपड़ों से बचें. फुल स्लीव कपड़े पहनने की अनुमति नहीं है, इसलिए आधी बाजू के कपड़े पहनकर ही आएं. जूते पहनना मना है, छात्र चप्पल या सैंडल पहनकर आएं.
धार्मिक पहनावे के लिए विशेष निर्देश
अगर कोई छात्र धार्मिक कारणों से विशेष पोशाक पहनता है, तो उसे जांच प्रक्रिया के लिए कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा. सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि एडमिट कार्ड पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उनका पालन करें, ताकि परीक्षा बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके.
ये भी पढ़ें: