Ananya Trivedi
Ananya Trivedi
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 2024 के नतीजों में रायबरेली की एक बेटी ने परचम लहराया है. अनन्या त्रिवेदी ने दूसरा स्थान हासिल किया है. अनन्या एक साधारण फैमिली से आती हैं. उनके पिता जनरल स्टोर चलाते हैं. अनन्या की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई रायबरेली में ही हुई है.
अनन्या ने दूसरा स्थान हासिल किया-
अनन्या वैसे तो पहले कई बार यूपीएससी का एग्जाम दे चुकी हैं. लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली. जिसके बाद उन्होंने यूपीपीसीएस की ओर रुख किया, जहां उन्हें पहली ही बार में न सिर्फ सफलता मिली, बल्कि उन्होंने यूपी में दूसरा स्थान हासिल किया.
पिता चलाते हैं जनरल स्टोर-
अनन्या त्रिवेदी रायबरेली के भदोखर थाने के खागीपुर सड़वा गांव के रहने वाली हैं. उनके पिता सुशील कुमार त्रिवेदी गांव में ही एक जनरल स्टोर चलाते हैं, जबकि उनकी मां शिक्षा विभाग में सरकारी शिक्षिका है.
सेल्फ स्टडी से हासिल की सफलता-
अनन्या त्रिवेदी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां और अपने पिता के साथ-साथ अपने मामा को भी दिया. जिनकी वजह से उन्हें सिलेबस को समझने और पढ़ने में सहायता मिली. अनन्या का मानना है कि आज की तारीख में कंटेंट मिलना बहुत आसान है और यही वजह है कि उन्होंने कभी कोई कोचिंग का सहारा नहीं लिया और होम स्टडी करके इस मुकाम को हासिल किया है.
रायबरेली में हुई शुरुआती पढ़ाई-
अनन्या की आरंभिक शिक्षा रायबरेली के एसजेएस पब्लिक स्कूल से हुई, जहां उन्होंने 12वीं तक शिक्षा ग्रहण की. उसके बाद 2019 में इन्होंने BHU से समाजशास्त्र ऑनर से स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण की. उन्होंने इग्नू से परास्नातक भी किया और साथ ही नेट क्वालीफाई किया.
अनन्या का कहना है कि वह बहुत कुछ करना चाहती हैं. यह सफलता उनके लिए महज एक पड़ाव है. यहां से आगे की मंजिलें और भी कठिन और चुनौतीपूर्ण होने वाली हैं. उनका मानना है कि वातावरण से जुड़ी हुई चीज उन्हें प्रेरित करते हैं और आगे वह इस पर भी काम करने की कोशिश करेंगी.
(शैलेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: