Vidhan Sabha Chunav Results 2022
Vidhan Sabha Chunav Results 2022
Assembly Elections Counting Day: उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में आज फैसले का दिन है. पांचों राज्यों में वोटों की गिनती जारी है. शुरुआती रुझानों के मुताबिक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में सत्तारूढ़ बीजेपी को बढ़त मिल रही है जबकि पंजाब में कांग्रेस को झटका लगा है. पंजाब में आम आदमी पार्टी सबसे आगे चल रही है और सूबे में AAP की सरकार बनने की आसार नजर आने लगे हैं.
उत्तर प्रदेश में मतगणना के लिए हर जिले में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. चुनाव आयोग ने हर सेंटर पर ऑब्जर्वर्स तैनात किए हैं. यूपी के 75 जिलों में काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं. 671 काउंटिंग ऑब्जर्वर और 10 स्पेशल ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं. सूबे में मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. 70 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
पंजाब में भी वोटों की गिनती जारी है. इसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी की है. पंजाब में 117 सीटों पर एक चरण में 20 फरवरी को वोटिंग हुई है. पंजाब में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल-बीएसपी गठबंधन और बीजेपी गठबंधन में मुकाबला है.
गोवा में आज चुनाव नतीजे आएंगे. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है. गोवा में 40 सीटों पर चुनाव के लिए 14 फरवरी को वोट डाले गए हैं. राज्य की सत्ता के लिए कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर है. सूबे के चुनाव में टीएमसी और आम आदमी पार्टी भी किस्मत आजमा रही हैं.
उत्तराखंड में भी आज काउंटिंग हो रही है. इस पहाड़ी प्रदेश में 70 सीटों पर वोट डाले गए हैं. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है. चुनाव आयोग ने इसके लिए पूरी तैयारी की है. कांग्रेस और बीजेपी अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं. बीएसपी और आम आदमी पार्टी भी मैदान में हैं.
मणिपुर में 60 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है. मणिपुर में बीजेपी की सरकार है. साल 2017 विधानसभा चुनाव में बीजेपी 24 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी. जबकि कांग्रेस को 17 सीटों से संतोष करना पड़ा था. बीजेपी ने एनपीपी, एलजेपी और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी.
एग्जिट पोल का अनुमान-
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान है. एग्जिट पोल के मुताबिक सूबे में सत्तारूढ़ बीजेपी को 288 से 326 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है. जबकि समाजवादी पार्टी गठबंधन को 71 से 101 सीटें मिल सकती हैं.
एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब में आम आदमी पार्टी को 76 से 90 सीटें मिलने का अनुमान है. जबकि कांग्रेस को 19 से 31 और अकाली दल-बीएसपी गठबंधन को 7 से 11 सीटें मिल सकती हैं.
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक उत्तराखंड में बीजेपी सरकार की वापसी हो सकती है. राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी को 36 से 46 सीटें और कांग्रेस को 20 से 30 सीटें मिल सकती हैं.
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक गोवा में कांटे का मुकाबला है. राज्य में बीजेपी को 14 से 18 और कांग्रेस को 15 से 20 सीटें मिल सकती हैं. एग्जिट पोल के मुताबिक मणिपुर में बीजेपी को 33 से 43 सीटें और कांग्रेस को 4 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें: