scorecardresearch

Bhabanipur Assembly Seat: ममता बनर्जी Vs सुवेन्दु अधिकारी, क्या है भवानीपुर विधानसभा सीट का गणित

पश्चिम बंगाल में भवानीपुर विधानसभा सीट सुर्खियों में है. इस सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी टीएमसी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं. जबकि बीजेपी ने इस सीट से सुवेंदु अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है. भवानीपुर विधानसभा में गैर-बंगाली वोटर्स की अच्छी-खासी तादाद है.

Bhabanipur Assembly Seat Bhabanipur Assembly Seat

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है. सूबे में 2 फेज में वोट डाले जाएंगे. पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी. जबकि 4 मई को नतीजे आएंगे. सूबे में सियासी तापमान बढ़ गया है. पश्चिम बंगाल में एक सीट की सबसे ज्यादा चर्चा है. भवानीपुर विधानसभा सीट को टीएमसी का गढ़ माना जाता है. चलिए भवानीपुर विधानसभा सीट का समीकरण बताते हैं.

भवानीपुर में ममता बनर्जी Vs सुवेंदु अधिकारी-
भवानीपुर विधानसभा सीट से टीएमसी ने सीएम ममता बनर्जी को उतारा है, जबकि बीजेपी ने दिग्गज लीडर सुवेंदु अधिकारी को उम्मीदवार बनाया है. इस सीट पर लड़ाई काफी दिलचस्प हो गई है. विधानसभा उपचुनाव में ममता बनर्जी ने बीजेपी की प्रियंका टिबरीवाल को हराया था. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 58 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की. उस चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर हराया था. इस बार बीजेपी ने सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर से भी चुनाव में उतारा है.

भवानीपुर को कहा जाता है मिनी भारत-
दक्षिण कोलकाता में भवानीपुर विधानसभा सीट है. इस सीट को मिनी भारत कहा जाता है. इस सीट पर 40 फीसदी वोटर गैर-बंगाली समुदाय के हैं. इसमें मुख्य तौर पर गुजराती, मारवाड़ी, पंजाबी और उड़िया शामिल हैं. इस विधानसभा सीट में मुस्लिमों की संख्या 20 फीसदी है. इस सीट पर टीएमसी का दबदबा माना जाता है. गैर-बंगाली वोटर्स को बीजेपी की तरफ झुकाव वाला माना जाता है. इसलिए बीजेपी को इसमें एक उम्मीद दिखाई दे रही है. टीएमसी की बाहरी वाला बयान भी बीजेपी के लिए फायदेमंद हो सकता है.

SIR बढ़ा रहा किसकी चिंता?
चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद भवानीपुर सीट का लड़ाई और भी रोचक हो गई है. एसआईआर के तहत इस सीट से 47 हजार से अधिक नाम हटाए गए हैं. SIR से किसको फायदा होगा, इसका अंदाजा बीजेपी और टीएमसी की बयानबाजी से लगाया जा सकता है. बीजेपी इसे फर्जी वोटरों की सफाई बता रही है तो टीएमसी ने चुनाव आयोग पर असली वोटर्स को बड़े पैमाने पर हटाने का आरोप लगाया है.

क्या कहते हैं लोकसभा चुनाव के आंकड़े?
टीएमसी ने भले ही भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी. लेकिन लोकसभा चुनाव के आंकड़े उसकी चिंता बढ़ा रहे हैं. लोकसभा चुनाव 2024 के आंकड़ों के मुताबिक भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी की बढ़त 8000 के करीब रह गई है. 

भवानीपुर सीट का इतिहास-
भवानीपुर विधानसभा सीट कोलकाता दक्षिण लोकसभा सीट के तहत आती है. साल 2009 से परिसीमन में भवानीपुर सीट अस्तित्व में आई. उसके बाद से इस सीट पर ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी का दबदबा है. साल 2011 में इस सीट पर टीएमसी के सुब्रत बक्शी ने जीत हासिल की थी. लेकिन इसी साल उपचुनाव हुआ तो ममता बनर्जी ने जीत हासिल की. साल 2016 में इस सीट से एक बार फिर ममता बनर्जी ने जीत हासिल की. साल 2021 विधानसभा चुनाव में टीएमसी के शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने जीत दर्ज की थी. लेकिन इसी साल उन्होंने ये सीट ममता बनर्जी के लिए खाली कर दी. ममती बनर्जी ने उपचुनाव में इस सीट पर जीत दर्ज की है.

ये भी पढ़ें: