Mahi Mahant
Mahi Mahant
पंजाब में संगरूर के सुनाम में नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 20 से सत्ताधारी पार्टी की उम्मीदवार माही महंत इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं. किन्नर समाज से संबंध रखने वाली माही महंत अनोखे तरीके से चुनाव प्रचार कर रही हैं. माही का चुनाव प्रचार लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. घर-घर जाकर वोट मांगने के दौरान लोगों द्वारा उनका सम्मान किया जा रहा है. लोग उनको घर पर बैठा रहे हैं और उनसे बातचीत कर रहे हैं. कई जगहों पर लोग उनके पैर छूकर आशीर्वाद भी ले रहे हैं. जबकि दुकानदार उन्हें सम्मानपूर्वक बैठाकर स्वागत करते नजर आ रहे हैं.
किन्नर समाज से आती हैं उम्मीदवार माही-
नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 20 से उम्मीदवार माही महंत किन्नर समाज से आती हैं. कहा जाता है कि लोग किन्नर समाज के साथ उठना-बैठना पसंद नहीं करते हैं. लेकिन माही महंत के साथ ऐसा नहीं है. चुनाव प्रचार के दौरान माही महंत लोगों को आशीर्वाद भी देती हैं और परिवारों की खुशहाली की कामना करती दिखाई देती हैं. खास बात यह है कि माही अपने विरोधियों के खिलाफ कोई बयानबाजी नहीं कर रहीं हैं, वो सिर्फ जनता से खुद के समर्थन की अपील कर रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि माही महंत हमेशा खुशियों में शामिल होती रही हैं, इसलिए लोग भी उन्हें सम्मान और समर्थन दे रहे हैं.
जीतेंगी तो लोगों की आवाज उठाएंगी- माही महंत
माही महंत का कहना है कि अगर जनता उन्हें जीत दिलाती है तो वह इलाके की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगी और लोगों की आवाज मजबूती से सरकार तक पहुंचाएंगी. सुनाम की यह तस्वीरें अब सिर्फ चुनावी माहौल तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि समाज में बदलती सोच और किन्नर समाज को मिल रही स्वीकार्यता का भी प्रतीक मानी जा रही हैं.
(कुलवीर सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: