SP Names Kirti Kashyap as Candidate (Photo: From Akhilesh's X handle)
SP Names Kirti Kashyap as Candidate (Photo: From Akhilesh's X handle)
उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (SP) ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम अभी ही घोषित कर दिए हैं. सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बिथरी चैनपुर (बरेली) से कीर्ति कश्यप को विधानसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया है. कीर्ति कश्यप आंवला के पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप की पुत्री हैं और अपने पिता के साथ अभी एक दिन पहले ही सपा की सदस्यता ग्रहण की है. इससे पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या से पवन पांडे के नाम का ऐलान किया था और पांडे के द्वारा आयोजित भागवत में शामिल होने अयोध्या भी पहुंचे थे.
क्या बोले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप बीजेपी को हराने का काम करेंगी. बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की सपा में शामिल होने की घोषणा पहले की जा चुकी थी. अखिलेश यादव ने कहा कि इनके आने से न केवल बरेली और आसपास के जिलों में, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में पीडीए और सामाजिक न्याय की लड़ाई मजबूत होगी और चुनाव आते ही भारतीय जनता पार्टी चुनाव हार जाएगी. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि धर्मेंद्र कश्यप के सपा में आने से पूरे प्रदेश में पीडीए की लड़ाई और सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए चल रहे संघर्ष को और मजबूती मिली है.
सपा में पीडीए के मजबूत पिलर के रूप में एक साथ हैं खड़े
आंवला के पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप और आंवला से बसपा के लोकसभा प्रत्याशी रहे सैय्यद आबिद अली समेत कई नेता मंगलवार को सपा में शामिल हुए. इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कई नेता जो चुनाव में अलग-अलग दलों से आमने-सामने थे, आज वे सभी सपा में पीडीए के मजबूत पिलर के रूप में एक साथ खड़े हैं.
2027 में प्रदेश में परिवर्तन होना तय
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि पूरे प्रदेश में कश्यप समाज के एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हत्याएं हो गई हैं. सीएम योगी ने दोहरी व्यवस्था लागू की है. जब आरोपी उनकी जाति का होता है तब बुलडोजर नहीं चलता है. सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2027 में प्रदेश में परिवर्तन होना तय है. आपको मालूम हो कि मंगलवार को सपा में आलापुर (बदायूं) के चेयरमैन फहीमुद्दीन, श्रावस्ती से भाजपा नेता देव प्रताप सिंह, बहराइच से संतोष तिवारी, उन्नाव से सर्वेश कुमार वर्मा, भारतीय साहू-राठौर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष अनुज कुमार साह, बरेली के डॉ. विनोद विश्वकर्मा, उप्र सफाई मजदूर संघ के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर वाल्मीकि शामिल हुए.