scorecardresearch

क्या सम्राट चौधरी के सीएम बनने से यूपी में भाजपा का कुशवाहा वोट बैंक लौटेगा ?

बिहार में कुशवाहा समुदाय के चेहरे का मुख्यमंत्री बनने से क्या भाजपा यूपी के चुनावों में भी कुशवाहा वोटरों को अपनी तरफ खींच पाएगी.

Samrat Choudhary Samrat Choudhary

बुधवार (15 अप्रैल 2026) की सुबह बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी की ताजपोशी हो जाएगी. बिहार अपने पुराने लव-कुश समीकरण पर आगे बढ़ चलेगा, लेकिन सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने का असर 11 महीने बाद उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव पर पड़ेगा. देखा जाए तो बीजेपी के लिए बिहार के मुख्यमंत्री के पद पर सम्राट चौधरी का चुनाव उत्तर प्रदेश की सियासत को भी साधने का दांव है.

वोट की राजनीति पर निशाना
जिस तरह बिहार में कोइरी (कुशवाहा) बिरादरी तादात और सामाजिक प्रभाव के लिहाज़ से दूसरी सबसे बड़ी पिछड़ी जाति (यादवों के बाद) मानी जाती है. कुछ ऐसा ही उत्तर प्रदेश में भी है. यूपी में भी कुशवाहा जो कि यूपी के अलग-अलग क्षेत्र में अलग-अलग जातियों और उपनाम से जानी जाती है उसकी बड़ी तादाद है. 

2014 के बाद बदला जातियों का रुख
पूर्वांचल में कुशवाहा, अवध में मौर्य, रुहेलखंड में शाक्य और पश्चिम में सैनी यह सभी कुशवाहा जाति के ही उपनाम माने जाते हैं. 2014 के बाद इन जातियों ने बसपा छोड़ भाजपा का रुख करना शुरू किया था और 2016 में केशव मौर्य के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद केशव मौर्य कुशवाहा समाज के सबसे बड़े चेहरे बनकर उभरे. केशव मौर्या मुख्यमंत्री तो नहीं बन पाए लेकिन पिछले 9 सालों से डिप्टी सीएम है. हालांकि 2024 चुनाव के बाद अखिलेश यादव इस बिरादरी को अपनी ओर खींचने में काफी हद तक सफल हो चुके हैं.

कैसे बदला यूपी में कुशवाहा पैटर्न
कुशवाहा वोटो का पैटर्न यूपी में कैसे बदला इसकी एक बानगी देखिए, 2019 में बीजेपी से इस बिरादरी के दो सांसद जीते थे, सलेमपुर से रविंद्र कुशवाहा और बदायूं से संघमित्रा मौर्य जीती थी. 2024 में बीजेपी ने अपने दोनों कुशवाहा चेहरे खो दिए जबकि समाजवादी पार्टी ने इस बिरादरी से तीन सांसद जिता लिए . यूपी में सबसे बड़े कुशवाहा चेहरे माने जाने वाले बाबू सिंह कुशवाहा समाजवादी पार्टी से सांसद बन गए एटा से देवेश शाक्य जीते और आंवला से नीरज मौर्य सांसद बन गए. जिसने उत्तर प्रदेश में बीजेपी का कुशवाहा समीकरण पूरी तरीके से गड़बड़ा दिया. अब बिहार में कुशवाहा मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा उत्तर प्रदेश में इस बिरादरी का दोबारा दिल जीतने की कोशिश कर सकती है.

बिहार में कुशवाहा चेहरा यूपी के लिए वरदान
उत्तर प्रदेश में केशव मौर्य बीजेपी के सबसे बड़े ओबीसी चेहरे हैं जो कि इसी कुशवाहा बिरादरी से आते हैं. 2017 में जब भाजपा अपने दम पर उत्तर प्रदेश में चुनाव जीत कर आई तो केशव मौर्य मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी थे, अभी भी गाहे -बगाहे उनकी दावेदारी की चर्चा उत्तर प्रदेश में होती रहती है. ऐसे में बिहार में एक कुशवाहा चेहरे का मुख्यमंत्री बन जाना उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सियासत के लिए एक वरदान जैसा है.