मुंबई में नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा का आयोजन इस साल भी बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी की वजह से चर्चा में है. इस बार पूजा का 80वां आयोजन हुआ. अभिनेत्री काजोल अपने बच्चों नीसा और युग देवगन के साथ पंडाल पहुंचीं. वहीं, जया बच्चन अपनी बेटी श्वेता बच्चन के साथ नजर आईं. फिल्म निर्माता अयान मुखर्जी और काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी ने भी पूजा में हिस्सा लिया.
काजोल ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की.दुर्गा पूजा मुखर्जी परिवार की पुरानी परंपरा का हिस्सा है. हर साल इस आयोजन में फिल्मी दुनिया की कई हस्तियां शामिल होती हैं.
साड़ी और पारंपरिक गहनों में दिखीं काजोल
पूजा के मौके पर काजोल पारंपरिक साड़ी में नजर आईं. उन्होंने साड़ी के साथ मैचिंग झुमके और पारंपरिक गहने पहने थे. उनका मेकअप हल्का था. आंखों को उभारने के लिए उन्होंने आई मेकअप किया और होंठों पर हल्के रंग की लिपस्टिक लगाई. माथे पर बिंदी और पीछे बंधे बालों ने उनके पारंपरिक लुक को पूरा किया.
काजोल के साथ उनके बेटे युग और बेटी नीसा भी मौजूद थे. पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने वहां मौजूद मीडिया के लिए तस्वीरें भी खिंचवाईं. जया बच्चन और श्वेता बच्चन की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बना दिया.
रानी मुखर्जी इस बार पूजा में नहीं पहुंचीं
मुखर्जी परिवार की दुर्गा पूजा में अभिनेत्री रानी मुखर्जी भी आमतौर पर शामिल होती हैं. हालांकि, इस साल वह उत्सव में नजर नहीं आईं. उनकी मां कृष्णा मुखर्जी का निधन हो गया था, जिसके कारण वह इस बार पूजा में शामिल नहीं हो सकीं.
नॉर्थ बॉम्बे दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि मुखर्जी परिवार के लिए एक पुरानी पारिवारिक परंपरा भी है. इस आयोजन में कई पीढ़ियों से परिवार के सदस्य हिस्सा लेते रहे हैं. नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा की शुरुआत साल 1948 में हुई थी. इसे फिल्म निर्माता और फिल्मालय स्टूडियो के संस्थापक शशधर मुखर्जी, उनकी पत्नी सतीरानी मुखर्जी, जेएम भद्रा और 26 अन्य सदस्यों ने मिलकर शुरू किया था.
इस पूजा का पहला आयोजन मुंबई के सांताक्रूज स्थित श्री मंडल हॉल में हुआ था, जिसे पोद्दार स्कूल के नाम से भी जाना जाता है. इसके बाद से यह परंपरा लगातार आगे बढ़ती रही और आज यह मुंबई के प्रमुख दुर्गा पूजा आयोजनों में शामिल है.
मुखर्जी परिवार की कई पीढ़ियां निभा रहीं परंपरा
इस आयोजन से मुखर्जी परिवार की कई पीढ़ियां जुड़ी रही हैं. अयान मुखर्जी के पिता और वरिष्ठ अभिनेता देब मुखर्जी भी दुर्गा पूजा के आयोजन में अहम भूमिका निभाते थे. साल 2025 में उनका निधन हो गया था. समय के साथ यह पूजा मुंबई में बॉलीवुड हस्तियों के मिलने-जुलने का खास मौका भी बन गई है.