अंबानी परिवार में हर साल की तरह इस बार भी गणेश चतुर्थी का जश्न बेहद खास अंदाज में मनाया गया. गणपति बप्पा के दर्शन के लिए बॉलीवुड से लेकर कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं. लेकिन इस दौरान सबकी नजरें अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका मर्चेंट पर टिक गईं. राधिका ने भरतनाट्यम परफॉर्मेंस के साथ बप्पा का स्वागत किया. उनके नृत्य, खूबसूरत अंदाज और देसी लुक ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
पिंक साड़ी में दिखा रॉयल अंदाज
राधिका ने इस खास मौके के लिए ज्वेल पिंक रंग की कस्टम हैंडवुवन कांजीवरम सिल्क साड़ी पहनी. साड़ी पर किया गया गोल्डन वर्क इसे बेहद रिच लुक दे रहा था. इस आउटफिट को डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने खास तौर पर गणपति उत्सव और राधिका की भरतनाट्यम परफॉर्मेंस को ध्यान में रखकर तैयार किया था.
डांस के लिए ऐसे डिजाइन हुई साड़ी
राधिका की साड़ी सिर्फ देखने में ही खूबसूरत नहीं थी, बल्कि इसे उनके डांस को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया था. सामान्य साड़ी की जगह इसे स्कर्ट स्टाइल में तैयार किया गया. इसकी प्लीट्स को इस तरह बनाया गया कि भरतनाट्यम के 'अरामंडी' पोज में वे खूबसूरती से खुलें. डांस के दौरान प्लीट्स का फ्लो उनके लुक को और भी शानदार बना रहा था.
गोल्डन जरी और जरदोजी का जलवा
कांजीवरम सिल्क पर बारीक गोल्डन जरी का काम किया गया था. बॉर्डर पर हैवी गोल्डन वर्क और पूरे फैब्रिक पर बने छोटे-छोटे जरी मोटिफ्स साड़ी की खूबसूरती बढ़ा रहे थे. वहीं एंटीक गोल्ड मरौड़ी एम्ब्रॉयडरी और जरदोजी वर्क ने इसे शाही टच दिया.
ग्रीन स्टोन्स वाली जूलरी ने जीता दिल
साड़ी के साथ राधिका ने बेहद खूबसूरत ट्रेडिशनल जूलरी कैरी की. ग्रीन स्टोन्स और मोतियों से सजा लेयर्ड नेकलेस उनके गले में खूब जंच रहा था. इसके साथ मैचिंग झुमके, माथापट्टी और मांग टीका उनके चेहरे की खूबसूरती बढ़ा रहे थे. हाथों के कंगन, नथ और हैवी जड़ाऊ कमरबंद ने उनके देसी लुक को परफेक्ट बनाया.
गुलाबी फूलों ने दिया फाइनल टच
राधिका के हेयर और मेकअप को लवलीन रामचंदानी ने स्टाइल किया. मिडिल पार्टीशन के साथ बालों को स्लीक रखते हुए हाफ ओपन स्टाइल दिया गया और गुलाबी फूलों से सजाया गया. माथे की बिंदी और हाथों का आलता उनके क्लासिकल डांसर लुक को और खूबसूरत बना रहा था. हल्के ग्लोइंग मेकअप के साथ राधिका का पूरा अंदाज बेहद एलिगेंट नजर आया.