Pranit More Apologized
Pranit More Apologized
370 रुपये की बिरयानी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब स्टैंड अप कॉमेडियन प्रणित मोरे के लिए बड़ी मुश्किल बन गया है. सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना झेल रहे प्रणित मोरे ने एक बार फिर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. इस मामले में उनके खिलाफ महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस पर नाराजगी जता चुके हैं. बढ़ते विवाद के बीच प्रणित ने कहा है कि उनसे बड़ी गलती हुई और वह लोगों की नाराजगी के हकदार हैं.
प्रणित मोरे ने फिर मांगी माफी
प्रणित मोरे ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर लोगों से दोबारा माफी मांगी. उन्होंने कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था, इसलिए वह पहले अपनी बात नहीं रख पाए. वीडियो में उन्होंने स्वीकार किया कि उनके शो के दौरान एक युवक ने महिलाओं के प्रति बेहद अपमानजनक बातें कही थीं और उस समय वह उसे रोक नहीं सके. प्रणित ने कहा कि उस वक्त वहां मौजूद लोग हंस रहे थे और वह भी माहौल में बह गए. उन्होंने माना कि सही और गलत का फैसला करने में उनसे गलती हुई. उन्होंने कहा कि जो नफरत उन्हें मिल रही है, वह उसके हकदार हैं.
बोले- मैं बेहतर इंसान बनकर दिखाऊंगा
वीडियो में प्रणित ने कहा कि अगर वह चाहते तो उस युवक को वहीं रोक सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. यही उनकी सबसे बड़ी गलती थी. उन्होंने माना कि उन्होंने उस व्यक्ति को ऐसा मंच दिया, जिसकी वजह से मामला और ज्यादा बढ़ गया.
उन्होंने उन सभी लोगों से माफी मांगी जो इस घटना से आहत हुए हैं. साथ ही कहा कि उनके खिलाफ जो भी कानूनी कार्रवाई चल रही है, उसमें वह अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं. प्रणित ने लोगों से उन्हें एक मौका देने की अपील करते हुए कहा कि वह खुद पर और अपने कंटेंट पर काम कर रहे हैं और भविष्य में बेहतर इंसान बनकर दिखाएंगे.
क्या है पूरा विवाद?
कुछ समय पहले प्रणित मोरे के शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में गुरुग्राम का 22 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा अपनी एक महिला मित्र के बारे में बात कर रहा था. उसने बताया था कि उसने लड़की के लिए 370 रुपये की बिरयानी मंगवाई थी और बाद में उसके मन में अपने पैसे की 'वसूली' करने का विचार आया था. इसके बाद उसने कई आपत्तिजनक और महिलाओं का अपमान करने वाली बातें कही थीं. वीडियो में उसकी बातों पर दर्शक और प्रणित मोरे भी हंसते नजर आए थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. विवाद बढ़ने पर हिमांशु को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी, जबकि प्रणित मोरे भी कानूनी कार्रवाई और आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं.
लोगों ने जताया विरोध
इस मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साक्षी शिवदासानी, अभिनेत्री कुशा कपिला, आयशा खान, रीम शेख और Elvish Yadav समेत कई मशहूर हस्तियों ने विरोध जताया था. वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने कहा कि मनोरंजन के नाम पर सामाजिक मर्यादाओं और गरिमा की सीमाओं का उल्लंघन नहीं होना चाहिए. उन्होंने सलाह दी कि स्टैंडअप कॉमेडी करते समय न्यूनतम गरिमा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: