Alka Yagnik
Alka Yagnik
दिग्गज प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पद्म भूषण सम्मान लेने पहुंचीं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान से सम्मानित किया. समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर परेशान होते दिखे. दरअसल अलका लंबे समय से किसी भी इवेंट में नजर नहीं आई हैं.
अब अलका याग्निक ने खुद अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपनी हेल्थ की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पिछले दो साल से वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं और इसी वजह से मीडिया की नजरों से दूर रही हैं.
धीरे-धीरे सामान्य जीवन में लौट रही अलका
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में अलका याग्निक ने लिखा कि पिछले दो वर्षों से उन्होंने खुद को लाइमलाइट से दूर रखा. उन्होंने कहा कि यह समय उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन इस दौरान फैंस का प्यार, दुआएं और समर्थन लगातार उनके साथ रहा.
अलका ने लिखा कि वह अब धीरे-धीरे अपनी जिंदगी को सामान्य बनाने और वापस काम की ओर लौटने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने अपने चाहने वालों का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों के प्यार और विश्वास ने उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत दी.
सिंगर शान ने किया भावुक कमेंट
अलका याग्निक की पोस्ट पर कई कलाकारों और प्रशंसकों ने शुभकामनाएं दीं. सिंगर शान का कमेंट सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. शान ने लिखा, 'अलका जी, यह सम्मान पूरी तरह से आपके योग्य है. आप हम सभी के लिए गर्व की बात हैं. आपके फैंस के लिए इससे बड़ी खुशी कोई नहीं होगी कि आप पूरी तरह स्वस्थ होकर वापस लौटें और एक बार फिर अपनी शानदार आवाज से सभी का दिल जीतें.'
सुनने की क्षमता से जुड़ी बीमारी से जूझ रही हैं अलका
अलका याग्निक पहले भी अपनी स्वास्थ्य समस्या के बारे में जानकारी दे चुकी हैं. वह एक दुर्लभ प्रकार की सुनने की समस्या से जूझ रही हैं, जिसे सेंसेरिन्यूरल हियरिंग लॉस कहा जाता है. यह बीमारी तब होती है जब कान के अंदर मौजूद बेहद छोटे हेयर सेल्स या दिमाग तक ध्वनि पहुंचाने वाली नसों को नुकसान पहुंचता है. इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें बढ़ती उम्र, आनुवंशिक कारण, तेज आवाज के संपर्क में आना या कुछ वायरल संक्रमण शामिल हैं. इस समस्या के कारण सुनने की क्षमता प्रभावित होती है और मरीज को सामान्य आवाजें सुनने में भी परेशानी हो सकती है.
सरकार और राष्ट्रपति का जताया आभार
अपने पोस्ट में अलका याग्निक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का भी आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पद्म भूषण जैसा सम्मान मिलना उनके लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है. अलका ने कहा कि वह इस सम्मान को पूरी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करती हैं. उन्होंने कहा कि देशवासियों का प्यार और विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है.
तीन दशक से ज्यादा समय से गा रहीं अलका
अलका याग्निक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल और लोकप्रिय गायिकाओं में गिनी जाती हैं. 1990 और 2000 के दशक में उन्होंने अनगिनत सुपरहिट गाने गाए, जो आज भी लोगों की पसंद बने हुए हैं. उनके मशहूर गीतों में 'चोली के पीछे क्या है', 'दिल ने ये कहा है दिल से', 'हम तुम', 'घूंघट की आड़ से', 'कुछ कुछ होता है' जैसे कई गाने शामिल हैं. उनकी मधुर आवाज ने लाखों संगीत प्रेमियों का दिल जीता है.