Asha Bhosle Passes Away (File Photo: PTI)
Asha Bhosle Passes Away (File Photo: PTI)
बॉलीवुड की मशहूर सिंगर आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. आशा भोसले का 92 साल की उम्र में रविवार दोपहर को निधन हो गया. उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली. वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं. आशा भोसले का इस दुनिया से जाना भारतीय संगीत के लिए एक बड़ी क्षति है. 20 भाषाओं में 12 हजार गाना गाने वालीं आशा भोसले की निजी जिंदगी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही.
9 साल की उम्र में पिता का हो गया था निधन
आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में हुआ था. वह मशहूर गायक पंडित दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं. आशा भोसले जब सिर्फ 9 साल की थीं, तभी उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी अचानक उनके कंधों पर आ गई. घर-परिवार चलाने के लिए आशा भोसले ने बड़ी बहन लता मंगेशकर के साथ मिलकर गाना शुरू कर दिया था. आशा भोसले ने पहला गीत मराठी फिल्म 'माझा बाल' (1943) में चला चला नाव वाला... गाना गाया था. बॉलीवुड में उनका पहला गाना चुनरिया (1948) फिल्म में सावन आया... था. इस तरह से आशा भोसले का शुरू हुआ संगीत और गीतों का सफर पांच दशक से ज्यादा समय तक चला.
नामी संगीतकारों संग किया काम
आशा भोसले ने अपने करियर में 20 भाषाओं में 12000 गाना गाए हैं. आशा भोसले ने साल 2026 में खुद इस बात का जिक्र किया था. आशा भोसले के पिया तू अब तो आजा, दम मारो दम और चुरा लिया है तुमने जैसे गाने आज भी सदाबहार हैं. आशा भोसले ने बॉलीवुड में नामी संगीतकारों संग किया काम है. इनमें ओपी नायर, शंकर-जयकिशन, सचिन देव बर्मन, आरडी बर्मन, इलैयराजा, बप्पी लहरी और ए.आर रहमान जैसे नाम शामिल हैं. आशा भोसले ने साल 2013 में एक मराठी फिल्म माई में अभिनय भी किया था. आशा भोसले को सिर्फ गाना गाने में ही महारत हासिल नहीं थी बल्कि वह एक कमाल की कुक भी थी.
आशा भोसले को मिले ये अवॉर्ड
1. 2 नेशनल अवॉर्ड
2. 7 फिल्मफेयर अवॉर्ड
3. साल 2000 में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड
4. साल 2008 में पद्म विभूषण सम्मान
16 साल की उम्र में की थी पहली शादी
आशा भोसले ने 16 साल की उम्र में अचानक लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपत राव भोसले से प्रेम विवाह कर लिया था. गणपत राव आशा भोसले से 20 साल बड़े थे. हालांकि इस रिश्ते को लता मंगेशकर और उनके परिवार ने स्वीकार नहीं किया. इस वजह से आशा और लता मंगेशकर के रिश्ते में दूरी भी आई गई, जो काफी सालों तक बनी रही. इसके बावजूद आशा भोसले हमेशा अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर को अपना आइडल मानती रहीं.आशा भोसले ने एक इंटरव्यू में अपनी पहली शादी के बारे बात करते हुए कहा था कि पति का परिवार रूढ़िवादी था, वह एक सिंगिंग स्टार को स्वीकार नहीं कर सका. जब मैं अपने छोटे बेटे आनंद को जन्म देने वाली थी तो परिवार ने मायके वापस लौट जाने को कहा. आशा भोसले और गणपत राव की शादी नहीं चली, 11 साल बाद वह गणपत से अलग हो गईं. गणपत राव से आशा भोसले को तीन बच्चे हुए.
आशा भोसले ने आरडी बर्मन से की थी दूसरी शादी
आशा भोसले ने पहली शादी टूटने के बाद साल 1980 में म्यूजिक कंपोजर, सिंगर आरडी बर्मन से दूसरी शादी कर ली थी. हालांकि इस शादी में भी आशा को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. 47 साल की आशा भोसले ने जब आरडी बर्मन से शादी करने की बात रखी, तो पंचम दा की मां इस बात के लिए नहीं मानीं. जब पंचम दा ने अपनी मां को आशा से शादी के बारे में बताया, तो उन्होंने साफ कह दिया कि 'यह शादी मेरी लाश पर होगी. विरोध की वजह थी आशा भोसले आरडी बर्मन से 6 साल बड़ी थीं और तीन बच्चों की मां थीं. हालांकि बाद में 1980 में दोनों की शादी हुई. आरडी बर्मन और आशा भोसले ने साथ मिलकर बेहतरीन गानों पर काम किया. आरडी बर्मन का साल 1994 में निधन हो गया.