scorecardresearch

अनन्या पांडे हुई बॉक्स ऑफिस पर फेल? क्या साउथ की इस फिल्म ने मारी बाजी! जानें कैसा रहा 'चांद मेरा दिल' और 'दृश्यम 3' सहित इन फिल्मों का अब तक का कलेक्शन

सिनेमाघरों में फिलहाल कई फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ 'दृश्यम 3' बॉक्स ऑफिस पर अकेले शानदार कमाई करती नजर आ रही है, वहीं कुछ फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, तो कुछ उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहीं.

Box Office collection of May 2026 Movie Box Office collection of May 2026 Movie

इन दिनों सिनेमाघरों में बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ अनन्या पांडे और लक्ष्य की 'चांद मेरा दिल' जैसी बॉलीवुड फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की कोशिश कर रही हैं, तो दूसरी ओर मोहनलाल की 'दृश्यम 3' और सूर्या की 'करुप्पु' टिकट खिड़की पर मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं. वीकेंड पर सभी फिल्मों ने अच्छी कमाई की थी, लेकिन सोमवार आते ही कलेक्शन में गिरावट साफ नजर आई. हालांकि इस गिरावट के बीच भी कुछ फिल्में मजबूती से टिकी हुई हैं, जबकि कुछ की रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है.

'चांद मेरा दिल' की रफ्तार हुई धीमी
अनन्या पांडे और लक्ष्य स्टारर फिल्म 'चांद मेरा दिल' से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. शुरुआती दिनों में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स भी मिला और वीकेंड पर इसकी कमाई ठीक-ठाक रही. लेकिन सोमवार को फिल्म की रफ्तार कुछ धीमी पड़ती दिखाई दी.

रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को फिल्म ने करीब 2.25 करोड़ रुपए का कारोबार किया. वहीं रविवार को इसका कलेक्शन 4.35 करोड़ रुपए रहा था. यानी एक दिन में फिल्म की कमाई लगभग आधी हो गई. अब तक फिल्म का कुल कारोबार 13.25 करोड़ रुपए पहुंच चुका है. हालांकि शुरुआत अच्छी रही, लेकिन अब आने वाले दिनों में फिल्म की असली परीक्षा होगी कि यह दर्शकों को सिनेमाघरों तक बनाए रख पाती है या नहीं.

'दृश्यम 3' पर दर्शकों का भरोसा कायम
मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर फिल्म 'दृश्यम 3' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म ने वीकेंड में शानदार प्रदर्शन किया और अब भी इसकी पकड़ बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है.

हालांकि सोमवार को इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिली. फिल्म ने सोमवार को 7.35 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जबकि रविवार को यह आंकड़ा 13.85 करोड़ रुपए तक पहुंचा था. बावजूद इसके, सिर्फ पांच दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 61.80 करोड़ रुपए तक पहुंच जाना इसकी मजबूत लोकप्रियता को दिखाता है. सस्पेंस और कहानी की वजह से फिल्म को दर्शकों का लगातार समर्थन मिल रहा है.

दूसरे हफ्ते में भी 'करुप्पु' का जलवा बरकरार
सूर्या और तृषा की फिल्म 'करुप्पु' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है. दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बावजूद फिल्म की कमाई मजबूत बनी हुई है, जो दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता को दिखाती है.

हालांकि सोमवार को फिल्म की कमाई में गिरावट आई और इसने 5.90 करोड़ रुपए का कारोबार किया. जबकि दूसरे रविवार को फिल्म ने 14.75 करोड़ रुपए की शानदार कमाई की थी. इसके बावजूद 11 दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 154.75 करोड़ रुपए पहुंच चुका है. यह आंकड़ा साफ करता है कि फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है.

'पति पत्नी और वो दो' की कमाई रही सुस्त
वहीं आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करती नजर नहीं आ रही है. फिल्म धीरे-धीरे कमाई कर रही है और बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार काफी सुस्त बनी हुई है.

दूसरे सोमवार को फिल्म ने करीब 1.02 करोड़ रुपए का कारोबार किया, जबकि दूसरे रविवार को इसकी कमाई 3.25 करोड़ रुपए रही थी. अब तक 11 दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 37.37 करोड़ रुपए पहुंचा है. हालांकि फिल्म किसी तरह बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है, लेकिन इसे बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद फिलहाल कम नजर आ रही है.

कौन मार रहा बाजी?
अगर मौजूदा आंकड़ों पर नजर डालें, तो बॉक्स ऑफिस की इस दौड़ में फिलहाल साउथ फिल्मों का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है. खासकर 'दृश्यम 3' और 'करुप्पु' ने कमाई के मामले में बॉलीवुड फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. वहीं 'चांद मेरा दिल' को अब आने वाले दिनों में खुद को बॉक्स ऑफिस पर संभालने की जरूरत होगी.

ये भी पढ़ें