Dunki Vs Salaar
Dunki Vs Salaar
शाहरुख खान की फिल्म डंकी सिनेमाघरों में 100 करोड़ का कलेक्शन करने में कामयाब हो गई है. 21 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म ने चौथे दिन 31.50 करोड़ का कलेक्शन किया है. इस तरह फिल्म ने अब तक डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 106.43 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. वहीं वर्ल्ड वाइड कमाई की बात करें तो Dunki ने अब तक 157.22 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.
पहले दिन कमाए थे 80 करोड़ रुपये
वहीं डंकी के एक दिन बाद रिलीज हुई 'सालार' ने तीन दिनों के भीतर ही 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. इस फिल्म में दर्शकों को पहली बार प्रभास और श्रुति हासन की जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिला. फिल्म ने पहले ही दिन 80 करोड़ का ताबड़तोड़ कलेक्शन कर सभी को चौंका दिया था. रविवार को फिल्म ने देश में लगभग 65 करोड़ की कमाई की.
सालार ने तीन दिन में किया 315 करोड़ कलेक्शन
'सालार' ने जहां दो दिनों में वर्ल्डवाइड 243.80 करोड़ का कलेक्शन किया वहीं तीन दिनों में ये आंकड़ा करीब 315 करोड़ के पार हो चुका है. केवल दो दिनों में इस फिल्म ने विदेश में करीब 70 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली है. इसी के साथ सालार इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो सकती है. सालार को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है.
डंकी Vs सालार
सालार में प्रभास के अलावा श्रुति हासन, ईश्वरी राव, जगपति बाबू और श्रिया रेड्डी भी हैं. इसे पांच भाषाओं - तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में रिलीज किया गया है. फिल्म को सीबीएफसी की तरफ से A सर्टिफिकेट मिला है. सालार देशभर में 6 हजार स्क्रीन पर रिलीज हुई है. वहीं बात करें डंकी की तो ये इस साल रिलीज हुई शाहरुख खान की तीसरी फिल्म है. डंकी को दर्शकों की तरफ से मिला जुला रिव्यू मिल रहा है. डंकी में शाहरुख के अलावा तापसी पन्नू और विकी कौशल भी हैं.