Band Baja Bitiya
Band Baja Bitiya
Band Baja Bitiya ad viral video अभिनेता गजराज राव एक नए विज्ञापन 'बैंड बाजा बिटिया' में नजर आ रहे हैं. यह विज्ञापन लोगों को भावुक कर रहा है और कई लोगों की आंखें नम हो गई हैं. इस कहानी में उन सच्ची घटनाओं की झलक दिखाई गई है, जब कुछ पिता अपनी तलाकशुदा बेटियों को सम्मान के साथ बैंड-बाजे के साथ घर वापस लेकर आए थे.
विज्ञापन के बारे में
इस विज्ञापन में गजराज को दो अलग-अलग समय में दिखाया गया है. एक तरफ वह शादी का बैंड लेकर कहीं जा रहे होते हैं, और दूसरी तरफ उन्हें एक दुख भरा फोन आता है. फोन पर उनकी बेटी बताती है कि उसके साथ ससुराल में मारपीट और अत्याचार हो रहा है. यह सुनकर गजराज कहते हैं, 'फिर से?'
घर में उनकी पत्नी, बेटा और रिश्तेदार सब कहते हैं कि बेटी को हालात से समझौता करना चाहिए और अपनी किस्मत मानकर ससुराल में ही रहना चाहिए. लेकिन गजराज अपनी बेटी का दर्द सहन नहीं कर पाते और उसे यूं तकलीफ में छोड़ना उन्हें मंजूर नहीं होता.
जब कहानी के दोनों हिस्से एक साथ जुड़ते हैं, तब पता चलता है कि गजराज शादी का बैंड लेकर अपनी बेटी के ससुराल उसे वापस घर लाने गए थे. वह बेटी के पति और ससुराल वालों से साफ कहते हैं कि वह अपनी बेटी को साथ ले जाने आए हैं. वह कहते हैं, 'यह कोई पराई नहीं है और न ही किसी की संपत्ति है, यह मेरी अपनी बेटी है.'
विज्ञापन के अंत में एक संदेश दिखाया जाता है कि बहुत-सी महिलाएं चुपचाप अत्याचार सहती रहती हैं, क्योंकि उनके परिवार उनके साथ खड़े नहीं होते.
कुछ सच्ची घटना
जानकारी के लिए बता दें कि 2023 में रांची के एक व्यक्ति ने भी अपनी बेटी को ससुराल से बैंड-बाजे के साथ वापस घर लाया था, जब उसने घरेलू हिंसा के कारण पति से अलग होने का फैसला किया. इसी तरह 2024 में उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी एक पिता अपनी बेटी को सालों तक अत्याचार सहने के बाद इसी अंदाज में घर वापस ले आया था.
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
लोग इस विज्ञापन को समाज का आईना बता रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि मरी हुई बेटी से अच्छी तलाक शुदा बेटी है.