Gondhal Is India's Official Entry To Oscars 2027
Gondhal Is India's Official Entry To Oscars 2027
भारत की ओर से 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर के लिए ऑफिशियल एंट्री के तौर पर फिल्म 'गोंधल' का चयन किया गया है. इस बार भारत की एंट्री के लिए कुल 33 फिल्मों पर विचार किया गया. इनमें 'धुरंधर', 'बॉर्डर 2', '120 बहादुर', 'इक्कीस', 'हनुमान अंश', 'गांधी टॉक्स' और 'दुर्धंधर: द रिवेंज' जैसी फिल्में शामिल थीं. चयन समिति ने सभी फिल्मों को देखने के बाद 'गोंधल' को भारत की तरफ से ऑस्कर में भेजने का फैसला किया. फिल्म 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी.
14 सदस्यीय कमेटी ने किया फिल्मों का चयन
ऑस्कर के लिए भारतीय फिल्म चुनने वाली 14 सदस्यीय चयन समिति की अध्यक्षता फिल्ममेकर पी. शेषाद्रि ने की. कमेटी में एक्टर-डायरेक्टर-प्रोड्यूसर विजय पाटकर, एक्टर-डायरेक्टर हितु कनोडिया, सिनेमैटोग्राफर संजीब परासर, डांस मास्टर शांत कुमार और डायरेक्टर नरसिम्हा नंदी शामिल थे.
इसके अलावा राइटर-डायरेक्टर संजय पाटिल, एडिटर वी.जे. साबू जोसेफ, डायरेक्टर अनिल थॉमस, डायरेक्टर वसंत, एक्टर-प्रोड्यूसर विवेक वासवानी, एक्ट्रेस तनिष्ठा चटर्जी, प्रोडक्शन डिजाइनर बिजोन दासगुप्ता और प्रोड्यूसर फिरदौसुल हसन भी कमेटी का हिस्सा थे.
'गोंधल' ने इन फिल्मों को पीछे छोड़ा
भारत की ऑफिशियल ऑस्कर एंट्री के लिए इस बार कुल 33 फिल्मों को चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया था. इनमें हिंदी की 14 फिल्में थीं. इसके अलावा मराठी, तेलुगु और गुजराती की चार-चार फिल्में, तमिल की तीन फिल्में और मलयालम व नागामीज की एक-एक फिल्म शामिल थी. चयन में एक साइलेंट फिल्म भी थी. इन फिल्मों के नाम हैं, 'डुग डुग', 'हक', 'भामरडो', '120 बहादुर', 'सिंग गीतम', 'तेरा मेरा नाता', 'मैं वापस आऊंगा', 'लड्डू', 'ओह माय डॉग', 'गोंधल', 'बालान द बॉय', 'देऊल बैंड 2', 'तिघी', 'पेड्डी', 'इरुमुडी', 'डोरोथी', 'बॉर्डर 2', 'खूंटा', 'गांधी टॉक्स', 'बाइसन कालामादन', 'धुरंधर', 'धुरंधर द रिवेंज', 'शेप ऑफ मोमो', 'गवर्नर', '2020 दिल्ली', 'कमांडो विन लव स्टोरी', 'इक्कीस', 'प्रवास', 'मन आतले मनातले', 'ऑब्सेस', 'एगवा', 'अंघ' और 'हनुमान अंश'.
भारतीय संस्कृति और संगीत को माना खास वजह
प्रोड्यूसर फिरदौसुल हसन ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया कि 'गोंधल' हर पहलू में बाकी फिल्मों से अलग नजर आई. उनके मुताबिक फिल्म में भारतीय संस्कृति को अच्छी तरह दिखाया गया है. उन्होंने फिल्म की फोटोग्राफी और संगीत को भी खास बताया. हसन के अनुसार, जूरी ने सर्वसम्मति से 'गोंधल' को भारत की ओर से ऑस्कर में भेजने का फैसला किया.
संतोष दावखर ने किया है फिल्म का निर्देशन
'गोंधल' का निर्देशन फिल्ममेकर संतोष दावखर ने किया है. उन्हें 2025 में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में सिल्वर पीकॉक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. अब उनकी फिल्म को भारत की तरफ से ऑस्कर की दौड़ में भेजा जा रहा है.