Billie Eilish Takes Home Song of the Year
Billie Eilish Takes Home Song of the Year
अमेरिका के लॉस एंजिल्स के क्रिप्टो डॉट कॉम एरीना में 68वें एनुअल ग्रैमी अवॉर्ड्स का ऐलान हो रहा है. म्यूजिक इंडस्ट्री के इस सबसे प्रतिष्ठित समारोह में बैड बनी, लेडी गागा, केंड्रिक लैमर और जस्टिन बीबर जैसे बड़े सितारे शामिल हुए. इस बार शो को ट्रेवर नोआ ने होस्ट किया. ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 के दौरान रॉक लीजेंड ब्रूस स्प्रिंगस्टीन ने बीच बॉयज के दिवंगत आइकन ब्रायन विल्सन को श्रद्धांजलि दी.
95 कैटेगरी में बांटे गए अवॉर्ड्स
कुल 95 कैटेगरी में से कई अवॉर्ड्स मुख्य समारोह से पहले ही घोषित कर दिए गए. रैपर केंड्रिक लैमर ने 'लूथर' के लिए बेस्ट मेलोडिक रैप परफॉर्मेंस, 'टीवी ऑफ' के लिए बेस्ट रैप सॉन्ग और क्लिप्स के 'चेन्स एंड व्हिप्स' में फीचर्ड आर्टिस्ट के तौर पर बेस्ट रैप परफॉर्मेंस का अवॉर्ड जीता.
आर एंड बी सिंगर-गीतकार लियोन थॉमस ने भी दो ग्रैमी अपने नाम किए. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने करियर की शुरुआत ब्रॉडवे के चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में की थी.
इस साल के समारोह में के-पॉप ने भी नया इतिहास बनाया. 'केपॉप डेमन हंटर्स' के गाने 'गोल्डन' को बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया का अवॉर्ड मिला. यह इस कैटेगरी में किसी के-पॉप ट्रैक की पहली जीत है.
फैरेल विलियम्स को ग्लोबल इम्पैक्ट अवॉर्ड
मशहूर सिंगर और प्रोड्यूसर फैरेल विलियम्स को डॉ. ड्रे ग्लोबल इम्पैक्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. यह अवॉर्ड म्यूजिक इंडस्ट्री में उनके लंबे और प्रभावशाली योगदान के लिए दिया गया.
बिली इलिश ने 'वाइल्डफ्लावर' के लिए सॉन्ग ऑफ द ईयर का बड़ा खिताब जीता. वहीं, लोला यंग को 'मेसी' के लिए बेस्ट पॉप सोलो परफॉर्मेंस मिला. लेडी गागा ने 'मेहेम' के लिए बेस्ट पॉप वोकल एल्बम और 'अब्रकदाब्रा' के लिए बेस्ट डांस पॉप रिकॉर्डिंग जीती.
कंट्री सिंगर जेली रोल का एल्बम 'ब्यूटीफुली ब्रोकन' बेस्ट कंटेम्परेरी कंट्री एल्बम चुना गया, जबकि बैड बनी के 'डेबी तिरार मास फोटोज' ने बेस्ट म्यूजिका उरबाना एल्बम का अवॉर्ड अपने नाम किया.
ओलिविया डीन बनीं बेस्ट न्यू आर्टिस्ट
सिंगर ओलिविया डीन को बेस्ट न्यू आर्टिस्ट का ग्रैमी मिला. इस साल के ग्रैमी अवॉर्ड्स ने एक बार फिर साबित किया कि संगीत की दुनिया लगातार नई प्रतिभाओं और रिकॉर्डतोड़ उपलब्धियों से आगे बढ़ रही है.
90 वर्ष की उम्र में दलाई लामा ने अपना पहला ग्रैमी अवॉर्ड जीता है. उन्हें उनके स्पोकन-वर्ड एल्बम ‘Meditations: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama’ के लिए यह सम्मान मिला. इस एल्बम ने Best Audio Book, Narration and Storytelling Recording कैटेगरी में जीत हासिल की. इस श्रेणी में कैथी गार्वर, ट्रेवर नोआ, केतनजी ब्राउन जैक्सन और फैब मोरवन भी नॉमिनेटेड थे.
इस एल्बम में दलाई लामा ने सरोद उस्ताद अमजद अली खान और उनके बेटों अमान अली बंगश व अयान अली बंगश के साथ सहयोग किया है.