Harry Potter and the Philosopher's Stone
Harry Potter and the Philosopher's Stone
हैरी पॉटर फैंस के लिए गुड न्यूज है. Harry Potter and the Philosopher’s Stone series का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है. इस सीरीज के जरिए एक बार फिर हैरी पॉटर की जादुई दुनिया को नए अंदाज में पेश किया जाएगा. शो को क्रिसमस 2026 पर रिलीज किया जाएगा और यह हैरी के हॉगवर्ट्स में पहले साल की कहानी को दिखाएगा.
हॉगवर्ट्स की शुरुआत से शुरू होगी कहानी
यह सीरीज Harry Potter and the Philosopher’s Stone पर आधारित है. इसमें हैरी, रॉन और हर्माइनी के पहले साल की जर्नी दिखाई जाएगी. टीजर में हैरी की उस जिंदगी की झलक भी दिखाई गई है, जब वह अपनी जादुई पहचान से अनजान था और अपने परिवार के साथ बुरी परिस्थितियों में रह रहा था.
टीजर में दिखे कई अहम किरदार
टीजर में कई फेमस किरदारों की झलक भी देखने को मिली है. इनमें आंटी पेटुनिया, रॉन वीस्ली, ड्रेको मालफॉय, प्रोफेसर स्नेप, ओलिवेंडर, प्रोफेसर मैक्गोनागल और हैग्रिड शामिल हैं. एक खास सीन में Rubeus Hagrid हैरी को उसके माता-पिता के बारे में बताते हैं और उन्हें बहादुर और दयालु बताते हैं. वहीं गैरिक ओलिवेंडर हैरी के भविष्य को लेकर संकेत देते नजर आते हैं.
नई स्टारकास्ट में दिखेंगे ये चेहरे
इस सीरीज में Dominic McLaughlin हैरी पॉटर का किरदार निभा रहे हैं. वहीं Arabella Stanton हर्माइनी ग्रेंजर और Alastair Stout रॉन वीस्ली के रोल में नजर आएंगे. इसके अलावा John Lithgow एल्बस डंबलडोर, Janet McTeer प्रोफेसर मैक्गोनागल, Paapa Essiedu प्रोफेसर स्नेप और Nick Frost हैग्रिड के किरदार में दिखेंगे.
Succession की टीम कर रही है निर्देशन
इस प्रोजेक्ट को Francesca Gardiner और Mark Mylod संभाल रहे हैं, जो पहले Succession जैसे हिट शो से जुड़े रहे हैं. गार्डिनर इस सीरीज की राइटर और शो-रनर हैं, जबकि मायलॉड कई एपिसोड डायरेक्ट करेंगे. सीरीज की कहानी J. K. Rowling की बेस्टसेलिंग किताबों पर आधारित है, जो इस प्रोजेक्ट की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी हैं. यह सीरीज HBO Max पर रिलीज होगी. भारत में दर्शक इसे JioHotstar पर देख सकेंगे.