महेश आनंद लाइफ स्टोरी
महेश आनंद लाइफ स्टोरी
महेश आनंद, भले इस नाम को आपने न सुना हो, लेकिन फिल्मों में इस विलेन चेहरे को जरूर देख रखा होगा. खासकर वो लोग, जो 80's और 90's की फिल्में देखकर बड़े हुए हैं. लंबी-चौड़ी कद-काठी, रौबदार आवाज और खतरनाक अंदाज... पर्दे पर महेश आनंद जब विलेन बनकर आते थे तो हीरो के लिए मुश्किल खड़ी कर देते थे. अमिताभ बच्चन से लेकर गोविंदा, संजय दत्त, सनी देओल, अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे बड़े सितारों के साथ उन्होंने काम किया.
लेकिन पर्दे पर जिस इंसान को देखकर दर्शक डरते थे, उसकी अपनी जिंदगी में एक ऐसा दौर आया, जहां वह अकेलेपन, पैसों की परेशानी और रिश्तों के टूटने से जूझता रहा. महेश ने जिंदगी में पांच शादियां कीं, लेकिन आखिरी वक्त में उनके पास कोई नहीं था.
पहली पत्नी थीं रीना रॉय की बहन बरखा रॉय
महेश आनंद की पहली शादी बरखा रॉय से हुई थी. बरखा, अभिनेत्री रीना रॉय की बहन थीं और फिल्म प्रोड्यूसर के तौर पर भी उनका नाम सामने आता है. दोनों के बीच रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और कुछ ही महीनों में शादी टूट गई. रिपोर्ट्स में बताया गया कि दोनों के बीच अकसर झगड़े होते रहते थे. यही वजह उनके रिश्ते के टूटने से जोड़ी जाती है.
दूसरी पत्नी थीं मिस इंडिया इंटरनेशनल एरिका मारिया डिसूजा
महेश आनंद ने इसके बाद एरिका मारिया डिसूजा से शादी की. एरिका मिस इंडिया इंटरनेशनल रह चुकी थीं. दोनों की शादी 1987 के आसपास हुई. इस रिश्ते से महेश के एक बेटे का जन्म हुआ, जिसका नाम उन्होंने त्रिशूल आनंद रखा. लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया. तलाक के बाद एरिका अपने बेटे को लेकर विदेश चली गईं. बाद में एरिका ने उनके बेटे का नाम बदलकर Anthony Vohra रखे दिया, जिससे महेश बहुत आहत हुए थे.
यही बेटा महेश की जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गया. महेश अपने बेटे से मिलने को तरसते रहे. उन्होंने सोशल मीडिया पर भी बेटे से मिलने की इच्छा जाहिर की थी. एक समय उन्होंने यह तक लिखा कि वह मरने से पहले अपने बेटे से मिलना चाहते हैं.
तीसरी शादी एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा से हुई
महेश आनंद की तीसरी शादी अभिनेत्री मधु मल्होत्रा से हुई. दोनों ने 1992 में शादी की थी. मधु मल्होत्रा 80 के दशक की फिल्मों में नजर आई थीं और 'कर्ज' और 'सत्ते पे सत्ता' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी थीं. लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा लंबा नहीं चल सका और दोनों अलग हो गए.
चौथी पत्नी थीं एक्ट्रेस उषा बचानी
इसके बाद महेश आनंद की जिंदगी में अभिनेत्री उषा बचानी आईं. दोनों की शादी 1999-2000 के आसपास चली. उषा 'दुल्हन हम ले जाएंगे' जैसी फिल्मों के साथ-साथ टीवी पर भी काम कर कही थी. यह रिश्ता भी करीब दो साल बाद टूट गया. रिपोर्ट्स में शादी टूटने की वजह दोनों के बीच बढ़ता मानसिक तनाव बताया गया.
पांचवीं पत्नी थीं रूस से जुड़ी लाना
महेश आनंद की पांचवीं और आखिरी पत्नी लाना थीं, जो रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस से थीं. महेश ने सोशल मीडिया पर लाना के साथ तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें अपनी पत्नी बताया था. लाना उनकी आखिरी पत्नी थीं.
बेटे से मिलने की थी आखिरी इच्छा
वह बेटे को लगातार याद करते रहे और उससे मिलने की इच्छा जाहिर करते रहे. लेकिन उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी. पर्दे पर सैकड़ों बार मौत को मात देने वाला यह विलेन असल जिंदगी में अपने बेटे की एक झलक के लिए तरसता रह गया.
करियर ढलने के बाद जिंदगी भी बदलती चली गई
महेश आनंद ने 300 के आसपास फिल्मों में काम किया और 80-90 के दशक में विलेन के तौर पर खूब पहचान बनाई. लेकिन एक फिल्म सेट पर हुए हादसे के बाद उन्हें लंबे समय तक अस्पताल और बिस्तर पर रहना पड़ा. इसके बाद उनका काम कम होता गया और आर्थिक परेशानियां भी बढ़ीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने मुश्किल दौर का जिक्र किया था. उन्होंने अपने सौतेले भाई पर करीब 6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया था. काम की कमी, पैसों की परेशानी, शराब और अकेलेपन ने उनके जीवन को काफी प्रभावित किया.
ऐसी मौत किसी को न मिले...
9 फरवरी 2019 को महेश आनंद मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने फ्लैट में मृत मिले. सबसे दर्दनाक बात यह थी कि उनकी मौत के बाद कई दिनों तक किसी को इसकी खबर नहीं हुई. तीसरे दिन घर से बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने दरवाजा खोलकर उनका शव बरामद किया.
घर में उनके पास खाना और शराब की बोतलें मिली थीं. शुरुआती तौर पर मौत को लेकर कई तरह की बातें सामने आईं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को प्राकृतिक बताया गया और आत्महत्या की बात खारिज हुई. सोचिए, जिस कलाकार को कभी पर्दे पर देखकर हजारों लोग पहचानते थे, उसकी आखिरी सांसों का किसी को पता तक नहीं चला. पांच शादियां, एक बेटा, बड़े-बड़े सितारों के साथ काम और करीब 300 फिल्मों का सफर. फिर भी जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर वह अकेले रह गए.
मौत के बाद लाना थी साथ
महेश आनंद जब दुनिया छोड़ गए, तब उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा खालीपन सामने आया. उनकी मौत की खबर मिलने के बाद लाना विदेश से मुंबई पहुंचीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने अस्पताल से महेश का शव प्राप्त किया और अंतिम संस्कार के लिए ले गईं. एक रिपोर्ट में उनके रिश्तेदार ने बताया था कि लाना खुद आई थीं और अस्पताल से सीधे ओशिवारा श्मशान घाट गई थीं.
ये भी पढ़ें