All about Shoorveer, the Maharana Pratap song at centre of Mirzapur controversy
All about Shoorveer, the Maharana Pratap song at centre of Mirzapur controversy
अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा की फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' इन दिनों खूब चर्चा में है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है. इसी बीच फिल्म को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. राजस्थानी सिंगर और रैपरिया बालम ने आरोप लगाया है कि उनके गाने 'शूरवीर' को फिल्म में बिना उनकी परमिशन के इस्तेमाल किया गया है. जिसके बाद से ये मामला चर्चा का विषय बन गया है. तो चलिए आपको डिटेल में बताते हैं कि पूरा मामला क्या है.
दरअसल, रैपरिया बालम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि फिल्म की टीम ने गाना इस्तेमाल करने से पहले उनसे कोई परमिशन नहीं ली. इतना ही नहीं, फिल्म में उन्हें गाने का क्रेडिट भी नहीं दिया गया. बालम ने कहा कि 'शूरवीर' गाना महाराणा प्रताप को समर्पित है. ऐसे में फिल्म में इसे गैंगस्टर्स और विलेन से जुड़े सीन में इस्तेमाल किया गया है, जो उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया.
बोले- मुझसे पूछते तो दूसरे गाने देता
रैपरिया बालम ने कहा कि अगर फिल्म की टीम को उनका गाना पसंद आया था, तो उन्हें पहले उनसे बात करनी चाहिए थी. उन्होंने कहा कि अगर टीम उनसे संपर्क करती, तो वह उन्हें ऐसे दस दूसरे गाने दे सकते थे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि फिल्म में उनका गाना इस्तेमाल करने के अधिकार आखिर किससे लिए गए. बालम ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है और उन्हें लगता है कि इससे राजस्थान और महाराणा प्रताप का अपमान हुआ है.
सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस
इस विवाद के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई लोगों ने फिल्म के मेकर्स की आलोचना की. लोगों का कहना है कि गाने के इस्तेमाल से पहले उसके कलाकार से परमिशन लेनी चाहिए थी और उन्हें सही क्रेडिट भी मिलना चाहिए था. 'Folk Music of Rajasthan' नाम के इंस्टाग्राम पेज ने भी रैपरिया बालम का समर्थन किया. पोस्ट में कहा गया कि राजस्थान की संस्कृति और इतिहास से जुड़े गीतों का सम्मान किया जाना चाहिए.
बॉक्स ऑफिस पर जारी है फिल्म की रफ्तार
विवाद के बीच 'मिर्जापुर: द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के तीन दिनों में दुनियाभर में 132.35 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. भारत में फिल्म की नेट कमाई 98.19 करोड़ रुपये बताई गई है. फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु शर्मा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: