Rajkummar Rao in the Biopic Film 'Prahaar: The Untold Story of Ujjwal Nikam'
Rajkummar Rao in the Biopic Film 'Prahaar: The Untold Story of Ujjwal Nikam'
बॉलीवुड के बेहतरीन कलाकारों में राजकुमार राव शामिल हैं. उन्होंने कई फिल्मों में अपने बेहतरनी अभिनय का जादू बिखेरा है. वह एक बार फिर दमदार में एक्टिंग करते नजर आएंगे. इस बार राजकुमार राव बायोपिक फिल्म प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम में नजर आने वाले हैं. यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. यह मूवी 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े कानूनी संघर्ष पर आधारित है. इस फिल्म में राजकुमार राव मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं, जो आतंकवादी कसाब को सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ते हैं. इस फिल्म से पहले भी राजकुमार राव कई बायोपिक फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं. आइए उनके बारे में जानते हैं.
1. प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम
राजकुमार राव की फिल्म प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इस मूवी में राजकुमार राव आतंकी कसाब को फांसी दिलाने वाले वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका में हैं. इस फिल्म की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े कानूनी संघर्ष के इर्द-गिर्द घूमती है. इस फिल्म में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं. फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण धवारे ने किया है जबकि फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और मैडॉक फिल्म्स ने किया है. इस मूवी में दिखाया गया है कि सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने कैसे 26/11 हमले के आरोपी अजमल कसाब को फांसी दिलाने के लिए कोर्टरूम में कानूनी जंग लड़ा था.
2. दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी
राजकुमार राव की फिल्म दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी अगले साल 2027 में रिलीज होने वाली है. यह मूवी टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर आधारित है. इस फिल्म में राजकुमार राव परदे पर सौरव गांगुली के किरदार में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं. इस मूवी का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं. इस फिल्म का पहला पोस्टर जारी हो चुका है. इसमें अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली के मशहूर लॉर्ड्स मैदान वाले जश्न को दोहराते नजर आए हैं. आपको मालूम हो साल 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराकर जश्न मनाया था.
3. अलीगढ़
साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म अलीगढ़ अपनी संवेदनशील कहानी और दमदार अभिनय के लिए काफी चर्चा में रही थी. इस फिल्म में राजकुमार राव पत्रकार दीपू सेबेस्टियन की भूमिका में नजर आए थे. मनोज बाजपेयी ने प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवास रामचंद्र सिरस का किरदार निभाया था. फिल्म का निर्देशन हंसल मेहता ने किया था. अलीगढ़ फिल्म की कहानी एक समलैंगिक प्रोफेसर के निजी जीवन, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और निजता के अधिकार के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में दिखाया गया कि किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी और उसकी पहचान को लेकर समाज का रवैया किस तरह उसके सम्मान और अधिकारों को प्रभावित कर सकता है. मनोज बाजपेयी ने प्रोफेसर सिरस के किरदार को बेहद संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा था तो वहीं राजकुमार राव ने पत्रकार के रूप में कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई.
4. श्रीकांत
राजकुमार राव की फिल्म श्रीकांत साल 2024 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट हिंदी फीचर फिल्म का अवॉर्ड अपने नाम किया था. यह फिल्म उद्योगपति श्रीकांत बोला के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने शारीरिक चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता की नई मिसाल पेश की. फिल्म में उनके संघर्ष, शिक्षा, उद्यमिता और कामयाबी के सफर को भावनात्मक अंदाज में दिखाया गया है. फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव ने श्रीकांत बोला की मुख्य भूमिका निभाई थी. उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया. फिल्म का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया था. फिल्म श्रीकांत की कहानी लोगों को मुश्किल परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देती है.
5. ओमेर्टा
राजकुमार राव की फिल्म ओमेर्टा साल 2018 में रिलीज हुई थी. यह फिल्म अपनी गंभीर कहानी और विवादित विषय को लेकर चर्चा में रही थी. यह फिल्म ब्रिटिश मूल के पाकिस्तानी आतंकवादी अहमद उमर सईद शेख के जीवन पर आधारित थी. फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव ने उमर सईद शेख का किरदार निभाया था. अपने दमदार अभिनय के जरिए उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति की मानसिकता और उसकी खतरनाक विचारधारा को पर्दे पर उतारने की कोशिश की, जो नफरत के रास्ते पर आगे बढ़ चुका था. फिल्म की संवेदनशील और विवादित विषयवस्तु के कारण केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इसमें कई कट लगाए थे.
6. बोस डेड/अलाइव
साल 2017 में रिलीज हुई मिनी वेब सीरीज ‘बोस: डेड/अलाइव’ में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जिंदगी और उनकी रहस्यमयी मौत से जुड़े कई पहलुओं को दिखाया गया था. हंसल मेहता के निर्देशन में बनी इस सीरीज में अभिनेता राजकुमार राव ने नेताजी की भूमिका निभाई थी. कहानी में उनके बचपन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और 1945 की कथित विमान दुर्घटना में मौत तक की घटनाओं को पेश किया गया. इस किरदार को वास्तविक रूप देने के लिए राजकुमार राव ने जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन किया और अपना सिर भी मुंडवाया था.
7. शाहिद
साल 2013 में रिलीज हुई फिल्म ‘शाहिद’ राजकुमार राव के फिल्मी करियर की अहम फिल्मों में शामिल है. हंसल मेहता के निर्देशन में बनी यह फिल्म वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता शाहिद आजमी के जीवन पर आधारित थी. फिल्म में राजकुमार राव ने मुख्य भूमिका निभाकर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत लिया. फिल्म को क्रिटिक्स की खूब सराहना मिली. इसके लिए राजकुमार राव को 61वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, जबकि हंसल मेहता को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था.