Ramayana advance booking day 1
Ramayana advance booking day 1
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. भगवान राम की कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शक कितने उत्साहित हैं, इसकी झलक फिल्म की एडवांस बुकिंग में नजर आ रही है. हिंदी शोज से लेकर IMAX 3D तक, फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इतना ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े चर्चा में हैं. फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, जबकि इसका दूसरा भाग (Part 2) दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज करने की प्लानिंग है.
हिंदी शोज में दिखा सबसे ज्यादा क्रेज
लाइव आंकड़ों के मुताबिक, 'रामायण' ने हिंदी शोज से करीब 5.90 करोड़ रुपये की कमाई की है. यह कुल कमाई का लगभग 93 फीसदी है. वहीं, कन्नड़ शोज से 38.39 लाख रुपये और तेलुगु शोज से 6.60 लाख रुपये आए हैं. प्रीमियम फॉर्मेट में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. महज 216 शोज से 1.79 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. वहीं, IMAX 3D से अकेले 1.48 करोड़ रुपये आए हैं.
विदेशों में भी फिल्म का जलवा
भारत के साथ विदेशों में भी 'रामायण' को लेकर दर्शकों में उत्साह है. लाइव डेटा के अनुसार, फिल्म की ओपनिंग डे ओवरसीज एडवांस बुकिंग 6 लाख डॉलर के पार पहुंच गई है. इसमें नॉर्थ अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 4.75 लाख डॉलर है. वहीं, सभी दिनों की एडवांस बुकिंग 11 लाख डॉलर से ज्यादा हो गई है.
सितारों से सजी है 'रामायण' की दुनिया
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे. इनके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और अनुपम खेर भी फिल्म का हिस्सा हैं.
दिवाली 2027 में आएगा दूसरा पार्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' के पहले पार्ट में भगवान राम के शुरुआती जीवन और उनके संघर्षों को दिखाया जाएगा. फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और यश हैं. इसके गानों की जिम्मेदारी ए.आर. रहमान ने संभाली है, जबकि हंस जिमर बैकग्राउंड स्कोर तैयार कर रहे हैं. फिल्म के दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 के आसपास रिलीज करने की योजना है.
ये भी पढ़ें: