Ravi Kisan
Ravi Kisan
बीजेपी सांसद और एक्टर रवि किशन एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. पिछले कुछ दिनों से उनके पुराने डायलॉग और इंटरव्यू क्लिप्स इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहे हैं. 'होम फ्रॉम वर्क', 'जल्दी द लेट' और 'नीट अखबार' जैसे वीडियो अभी लोगों के मोबाइल से हटे भी नहीं थे कि अब उनका एक नया वीडियो सामने आ गया है. इस बार रवि किशन संसद परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करने के बजाय ऐसा जवाब देकर आगे बढ़ गए कि वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया.
'आज मौन व्रत है' कहकर बढ़ गए आगे
वायरल वीडियो में रवि किशन संसद परिसर के बाहर नजर आते हैं. जैसे ही पत्रकार उनसे सवाल पूछने की कोशिश करते हैं, वह मुस्कुराते हुए कहते हैं, 'आज मौन व्रत... आज हमारे को पंडित जी बोले हैं मौन रहिएगा. क्या करें? आज मौन व्रत है हमारा. आज शांत रहने दो हमको.'
इतना कहकर वह बिना किसी सवाल का जवाब दिए आगे बढ़ जाते हैं. उनका यह अंदाज कैमरे में रिकॉर्ड हो जाता है और कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगता है.
पहले भी वायरल हो चुके हैं कई डायलॉग
रवि किशन के लिए यह पहली बार नहीं है जब उनका कोई वीडियो इंटरनेट पर चर्चा में आया हो. पिछले कुछ दिनों से उनके कई पुराने इंटरव्यू और बयान दोबारा वायरल हो रहे हैं. खासकर 'होम फ्रॉम वर्क', 'जल्दी द लेट' और 'नीट अखबार' जैसी क्लिप्स पर हजारों मीम, रील्स और फनी वीडियो बनाए जा चुके हैं.
इन डायलॉग्स का इस्तेमाल लोग अपने रोजमर्रा के मजेदार वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट में भी कर रहे हैं. यही वजह है कि रवि किशन का नाम इन दिनों लगातार ट्रेंडिंग लिस्ट में बना हुआ है.
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएं
'मौन व्रत' वाला वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी. किसी ने लिखा, 'आज सवाल नहीं, सिर्फ मौन मिलेगा.' तो किसी ने कहा, 'रवि किशन जहां जाते हैं, वहां कंटेंट अपने आप बन जाता है'. एक यूजर ने लिखा- मौन रहो व्रत फॉलो माय ब्रदर तो वहीं एक ने लिखा- भाई मौन व्रत का पहला ही रूल भूल गया.
कई यूजर्स इस वीडियो को मीम टेम्पलेट की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि रवि किशन के एक्सप्रेशन और जवाब देने का अंदाज ही उन्हें बाकी नेताओं से अलग बनाता है.
क्यों इतनी तेजी से वायरल हो रहे हैं रवि किशन?
सोशल मीडिया के दौर में छोटे-छोटे वीडियो और अलग अंदाज में बोले गए डायलॉग कुछ ही मिनटों में लोगों की जुबान पर चढ़ जाते हैं. रवि किशन की खास बात यह है कि वह अक्सर अपने सहज और देसी अंदाज में बात करते हैं. यही स्टाइल लोगों को पसंद आता है और उनके वीडियो तेजी से शेयर होने लगते हैं.