Sanam Saeed Cannes 2026 Look
Sanam Saeed Cannes 2026 Look
पाकिस्तानी शो 'ज़िंदगी गुलजार है' में कशफ का किरदार निभाकर लोगों के दिलों में खास पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस सनम सईद ने Cannes 2026 में अपनी मौजूदगी से खूब सुर्खियां बटोरीं. यह उनका कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहला मौका था और पहले ही लुक ने उन्हें चर्चा का हिस्सा बना दिया.
जहां रेड कार्पेट पर कई सितारे ग्लैमरस और बोल्ड फैशन को अपनाते दिखे, वहीं सनम ने अपनी सादगी, एथनिक टच और रॉयल स्टाइल से अलग पहचान बनाई. उनका अंदाज ऐसा था, जिसमें मॉडर्न फैशन के साथ पारंपरिक खूबसूरती का संतुलन साफ नजर आया.
सफेद मोर से प्रेरित था पूरा आउटफिट
सनम के लुक की सबसे खास बात उनका आउटफिट रहा, जिसे व्हाइट पीकॉक यानी सफेद मोर की थीम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया बताया जा रहा है. सिल्वर और ऑफ-व्हाइट रंगों से तैयार इस ड्रेस में बेहद बारीक और आकर्षक कारीगरी देखने को मिली.
पोशाक पर मुकैश, जरी, जरदोजी और मिरर वर्क का खूबसूरत काम किया गया था, जिसने इसकी रॉयल अपील को और बढ़ा दिया. बताया गया कि इस खास लुक को तैयार करने के लिए लगभग 50 कारीगरों ने करीब 2354 घंटे तक मेहनत की, जिसके बाद यह शानदार ड्रेस तैयार हो सकी.
बैकलेस ड्रेस ने बढ़ाई एलिगेंस
सनम के पूरे लुक में उनकी बैकलेस ड्रेस खास आकर्षण का केंद्र बनी. आउटफिट का फ्लोई पैटर्न और पीछे की लंबी ट्रेल रेड कार्पेट पर उनके लुक को बेहद ग्रेसफुल बना रही थी.
ड्रेस में हल्की चमक थी, जो देखने में मोती जैसी सॉफ्ट शाइन का एहसास दे रही थी. कैमरे के सामने चलते वक्त ड्रेस की मूवमेंट और उसकी फिनिशिंग ने उनके अंदाज में शाही एहसास जोड़ दिया.
गजरे वाली हेयरस्टाइल ने जोड़ा ट्रेडिशनल टच
सनम का हेयरस्टाइल भी लोगों का ध्यान खींचने में सफल रहा. उन्होंने बालों को बेहद सलीके से स्टाइल करते हुए लंबी पोनीटेल बनाई थी, जिसे सफेद फूलों के गजरे से सजाया गया था.
उनका यह हेयर लुक भारतीय और पाकिस्तानी पारंपरिक सुंदरता की याद दिलाता नजर आया. शायद यही वजह रही कि उनका पूरा लुक सादा होने के बावजूद बेहद आकर्षक और अलग दिखाई दिया.
कम ज्वेलरी में भी दिखा शाही अंदाज
सनम ने अपने स्टाइल को ओवरडन करने के बजाय मिनिमल रखा. उन्होंने डायमंड मांग टीका, एक खूबसूरत अंगूठी और मोर डिजाइन वाली डायमंड कफ ईयररिंग्स के जरिए अपने लुक को पूरा किया.
हल्का मेकअप, चेहरे की नैचुरल चमक और सॉफ्ट एक्सप्रेशन ने उनके पूरे अंदाज में एक अलग क्लास जोड़ दी. रेड कार्पेट पर उनका आत्मविश्वास और सादगी लोगों को खूब पसंद आई.
सोशल मीडिया पर छा गया Cannes लुक
Cannes 2026 में सनम सईद का यह लुक सिर्फ फैशन स्टेटमेंट नहीं लगा, बल्कि इसमें संस्कृति, कला और एलीगेंस का खूबसूरत मेल भी नजर आया. यही वजह रही कि उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं और लोग उनके शाही लेकिन सादगी भरे अंदाज की जमकर तारीफ करते दिखे.
ये भी पढ़ें