
370 रुपये बिरयानी विवाद क्या है
370 रुपये बिरयानी विवाद क्या है
स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे अपने शो के बातचीत को सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं. लेकिन इन दिनों अपने उन्हीं कंटेंट के कारण वह सोशल मीडिया पर विवादों में घिरे हुए हैं. अपने शो में दर्शकों से बातचीत और उनके अनुभवों पर मजाकिया प्रतिक्रिया देने के लिए मशहूर प्रणित को इस बार एक वायरल वीडियो के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए.
डेट की कहानी बनी विवाद की वजह
विवाद की शुरुआत प्रणित मोरे के एक लाइव शो की क्लिप से हुई. वायरल वीडियो में दर्शकों के बीच बैठे एक युवक ने अपनी पहली डेट का अनुभव शेयर किया. युवक ने दावा किया कि उसने एक लड़की को चिकन बिरयानी खिलाने पर 370 रुपए खर्च किए थे. बातचीत के दौरान युवक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपने बिरयानी पर खर्च किए गए पैसों की उस लड़की के साथ फिजिकल हो कर वसूली करना चाहता था. युवक की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद प्रणित मोरे हंसते हुए नजर आए.
यहीं से पूरा विवाद शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोप लगाया कि युवक की टिप्पणी महिलाओं के प्रति असंवेदनशील और अपमानजनक थी, लेकिन प्रणित ने उस समय इसका विरोध करने के बजाय हंसकर बात आगे बढ़ा दी.
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने कहा कि कॉमेडी और मनोरंजन के नाम पर महिलाओं के प्रति गलत सोच को सामान्य नहीं बनाया जा सकता. कुछ लोगों का कहना था कि मंच पर मौजूद एक लोकप्रिय कॉमेडियन होने के नाते प्रणित मोरे की जिम्मेदारी थी कि वे ऐसी बातों पर आपत्ति जताते. वहीं कई लोगों ने इस पूरे मामले को संवेदनशील मुद्दा बताते हुए सार्वजनिक रूप से जवाब मांगना शुरू कर दिया.
बढ़ते विवाद के बाद सामने आया माफीनामा
लगातार हो रही आलोचना के बाद प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी और माफी मांगी. उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान दर्शक द्वारा कही गई बातों पर उन्हें अलग तरह से प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी. प्रणित ने लिखा कि उस व्यक्ति के विचार उनके निजी विचार नहीं हैं और वह किसी भी तरह से ऐसी सोच का समर्थन नहीं करते. उन्होंने माना कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें एहसास हुआ कि उस समय हंसने के बजाय उन्हें उस टिप्पणी पर आपत्ति जतानी चाहिए थी.

प्रणित मोरे ने बताया कि विवादित वीडियो को उनके सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी किसी व्यक्ति या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं रहा.
चर्चा में बना हुआ है मामला
हालांकि माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा जारी है. कुछ लोग उनके माफीनामे का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का मानना है कि सार्वजनिक मंच पर कही गई बातों को लेकर अधिक संवेदनशीलता की जरूरत है. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें