टाइगर श्रॉफ (Photo: File/ITG)
टाइगर श्रॉफ (Photo: File/ITG)
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में एक नया खुलासा सामने आया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों की योजना पहले टाइगर को निशाना बनाने की नहीं थी. उनकी नजर बॉलीवुड के किसी दूसरे बड़े सेलिब्रिटी पर थी, लेकिन मुंबई पहुंचने के बाद वे उस शख्स तक नहीं पहुंच पाए. इसके बाद उन्होंने अपना टारगेट बदल दिया और टाइगर श्रॉफ पर हमला किया. हालांकि, जिस दूसरे सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की बात सामने आई है उनके नाम को लेकर कोई अपडेड नहीं है.
किसी और पर हमला करने का था प्लान
रिपोर्ट के मुताबिक, शूटर्स शुरुआत में बॉलीवुड के एक दूसरे बड़े चेहरे पर हमला करने की फिराक में थे. वे मुंबई पहुंचे भी, लेकिन अपने पहले टारगेट तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सके. इसके बाद उन्होंने योजना बदल दी. इसी बदलाव के बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की बात सामने आई है.
फैन पोस्ट और इंस्टाग्राम पेज से मिली टाइगर की जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शूटर्स को फैन पोस्ट और इंस्टाग्राम पेजों के जरिए टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या के बारे में पता चला था. उन्हें जानकारी मिली कि टाइगर हर रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड जाते हैं और वहां उनकी सुरक्षा भी अपेक्षाकृत कम रहती है. हमलावरों को लगा कि इस दौरान उन्हें निशाना बनाना आसान होगा. इसी वजह से कथित तौर पर टाइगर को अपना नया टारगेट बनाया गया.
18 अक्टूबर को टाइगर की गाड़ी पर हुई थी फायरिंग
18 अक्टूबर 2026 को टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हमला हुआ था. रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही टाइगर फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकले, हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पांच राउंड फायरिंग की. इस घटना में टाइगर को मामूली चोट आई, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें लगीं. फायरिंग के दौरान ड्राइवर को गोली लगने के बाद टाइगर ने खुद गाड़ी संभाली और उसे अस्पताल लेकर गए. घटना के बाद मामले की जांच जारी है. अब हमलावरों के शुरुआती टारगेट को लेकर सामने आई जानकारी ने जांच से जुड़े सवालों को और बढ़ा दिया है.
ये भी पढ़ें