
उर्फी जावेद की केले से बनी ड्रेस
उर्फी जावेद की केले से बनी ड्रेस
सुर्खियों में रहने वाली मॉडल और एक्ट्रेस उर्फी जावेद एक बार फिर अपने अनोखे फैशन सेंस को लेकर चर्चा में हैं. अलग-अलग चीजों से ड्रेस बनाकर सुर्खियां बटोरने वाली उर्फी ने इस बार कुछ ऐसा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है. इस बार उन्होंने केले के छिलकों से एक खास ड्रेस तैयार की है, जिसकी जमकर तारीफ हो रही है.
केले के छिलकों से तैयार की नई ड्रेस
उर्फी जावेद इससे पहले भी मोती, सेलो टेप, बैंडेज, पंखा, पिन, ब्लेड और यहां तक कि कॉफी जैसी चीजों से अनोखी ड्रेस बना चुकी हैं. हर बार उनका अंदाज कुछ नया और अलग देखने को मिलता है.
इस बार उन्होंने केले के छिलकों के साथ एक्सपेरिमेंट किया है. खास बात यह है कि ड्रेस को देखकर पहली नजर में कोई यह अंदाजा नहीं लगा सकता कि यह केले के छिलकों से बनी हुई है. इसी वजह से उनके इस आइडिया की खूब सराहना हो रही है.
वीडियो में बताया पूरा प्रोसेस
उर्फी ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने ड्रेस बनाने की पूरी प्रक्रिया दिखाई. वीडियो में उर्फी बताती हैं कि उन्होंने केले के छिलकों को पहले अच्छी तरह पीसा.
इसके बाद उसमें अगर-अगर और ग्लिसरीन मिलाकर बायोप्लास्टिक शीट तैयार की. फिर इस मिश्रण को सांचों में डालकर धूप में सुखाया गया. सूखने के बाद यह आम पापड़ जैसी शीट की तरह तैयार हो गया.
इसके बाद उन शीट्स को काटकर और सिलकर कुछ इस तरह ड्रेस को रूप दिया गया.
सोशल मीडिया पर मिली तारीफ
वीडियो में उर्फी ने खुद माना कि यह ड्रेस और बेहतर हो सकती थी, क्योंकि बायोप्लास्टिक से ड्रेस बनाने का यह उनका पहला प्रयास था.
इसके बावजूद सोशल मीडिया यूजर्स उनकी मेहनत और सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने उन्हें बेहद क्रिएटिव बताया, तो कुछ ने उनकी प्रतिभा की सराहना की.
उर्फी का यह नया प्रयोग फैंस को काफी पसंद आ रहा है. लोग उनकी सोच और फैशन को नए अंदाज में देखने की क्षमता की तारीफ कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें