Chai Ki Tapri Song
Chai Ki Tapri Song
सोशल मीडिया पर इन दिनों 'चाय की टपरी' गाना हर दूसरी रील में सुनाई दे रहा है. इस गाने पर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी वाघ के साथ डांस करते नजर आए. गाने की परफॉर्मेंस के दौरान मंच पर साड़ी और मेकअप में नजर आए आर्टिस्ट बलराम विश्वकर्मा ने लोगों का खास ध्यान खींचा. इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग उनके बारे में जानने के लिए उत्सुक हो गए.
चाय की टपरी चलाते हैं बलराम
बलराम विश्वकर्मा की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. वह एक परफॉर्मर होने के साथ-साथ असल जीवन में भी चाय की छोटी-सी दुकान चलाते हैं. शो में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि रैपर यंग एजे (अजय) और उनके दोस्त अक्सर उनकी टपरी पर चाय पीने और समय बिताने आया करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यह दोस्ती एक वायरल गाने तक पहुंच गई. बलराम का कहना है कि उन्हें शुरू से ही डांस और परफॉर्मेंस का शौक था. यंग एजे ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें अपने म्यूजिक प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनाया.
गाने का असली नाम है बल्लू हरामी
जिस गाने को लोग 'चाय की टपरी' के नाम से जानते हैं, उसका मूल नाम 'बल्लू हरामी' है. इस गाने को यंग एजे ने लिखा और कंपोज किया है. हालांकि सोशल मीडिया पर इसके बोल और वीडियो क्लिप इतने वायरल हुए कि लोग इसे 'चाय की टपरी' नाम से पहचानने लगे.
साड़ी, लंबे बाल और डांस मूव्स ने बनाया इंटरनेट सेंसेशन
इंडियाज गॉट लेटेंट में बलराम विश्वकर्मा लंबे बाल, साड़ी और मेकअप वाले लुक में नजर आए. स्टेज पर उनके आत्मविश्वास और डांस मूव्स ने दर्शकों को प्रभावित किया. उनकी परफॉर्मेंस इतनी पसंद की गई कि शो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए.
आलिया और शरवरी भी नहीं रोक पाईं खुद को
शो के एक एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंची थीं. बलराम और यंग एजे की परफॉर्मेंस के दौरान दोनों अभिनेत्रियां इतनी प्रभावित हुईं कि मंच पर जाकर उनके साथ डांस करने लगीं. इसका वीडियो सोशल मीडिया से वायरल हुआ और गाने की लोकप्रियता कई गुना बढ़ गई.
क्यों वायरल हो रहा है चाय की टपरी?
चाय की टपरी की सफलता की सबसे बड़ी वजह इसका देसी अंदाज है. यह एक ओरिजिनल जबलपुरिया स्टाइल का गाना है. गाने की धुन, लय इसे आम दर्शकों के और करीब ले जाती है. सोशल मीडिया पर इन दिनों देसी कंटेंट को खूब पसंद किया जा रहा है और यह गाना उसी ट्रेंड पर पूरी तरह फिट बैठता है. यही वजह है कि चाय की टपरी सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक ‘कल्चरल फेनोमेनन’ बन चुका है.