Rizwan Sajan
Rizwan Sajan
नेटफ्लिक्स के नए रियलिटी शो Desi Bling में एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. वो नाम है रिजवान साजन का. शो में दिखने वाले कई अमीर चेहरों के बीच रिजवान साजन सबसे ज्यादा अमीर शख्स बताए जा रहे हैं. लेकिन आज आप जिस अमीरी के कसीदे सुन रहे हैं उसे हासिल करने के लिए रिजवान साजन को क्या कुछ करना पड़ा चलिए जानते हैं.
कभी मुंबई की झुग्गियों में बचपन बिताने वाले रिजवान साजन आज दुबई की बड़ी बिजनेस हस्तियों में गिने जाते हैं. उनकी कुल संपत्ति करीब 2.5 अरब डॉलर यानी लगभग 20 हजार करोड़ रुपए बताई जाती है.
कौन हैं रिजवान साजन?
62 वर्षीय रिजवान साजन दुबई बेस्ड Danube Group के फाउंडर हैं. उनका जन्म मुंबई के घाटकोपर इलाके में हुआ था. परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर था और बचपन गरीबी में बीता. कम उम्र में ही उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी और घर चलाने के लिए छोटे-मोटे काम करने पड़े.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिजवान साजन ने बचपन में सड़क पर दूध और किताबें बेचने तक का काम किया. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह 14 साल की उम्र से काम कर रहे हैं.
सेल्समैन की नौकरी से बदली जिंदगी
संघर्ष के बीच रिजवान को कुवैत में सेल्समैन की नौकरी मिली. यहां उनकी मेहनत और लोगों से जुड़ने की कला ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. वह सेल्स में काफी सफल रहे और धीरे-धीरे बिजनेस की बारीकियां समझने लगे.
हालांकि, Gulf War के दौरान हालात बिगड़ने पर उन्हें कुवैत छोड़कर भारत लौटना पड़ा. लेकिन यह झटका उनके सपनों को रोक नहीं पाया.
दुबई में शुरू किया छोटा कारोबार
1990 के शुरुआती दौर में रिजवान साजन दुबई पहुंचे. यहां उन्होंने बेहद छोटे लेवल पर ट्रेडिंग बिजनेस शुरू किया. साल 1993 में उन्होंने Danube Group की शुरुआत की. शुरू में कंपनी बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करती थी, लेकिन धीरे-धीरे बिजनेस कई सेक्टर में फैल गया. आज Danube Group रियल एस्टेट, होम डेकोर, बिल्डिंग मटेरियल, हेल्थकेयर, हॉस्पिटैलिटी, मीडिया और आर्किटेक्चरल क्लैडिंग जैसे कई क्षेत्रों में काम कर रहा है. कंपनी का कारोबार दुनिया के 10 से ज्यादा देशों में फैला हुआ है.
सालाना टर्नओवर 1.3 अरब डॉलर से ज्यादा का
फोर्ब्स के मुताबिक, Danube Group का सालाना टर्नओवर 1.3 अरब डॉलर से ज्यादा रहा है और कंपनी लगातार तेजी से बढ़ रही है. दुबई के रियल एस्टेट सेक्टर में Danube की बड़ी पहचान है. रिजवान साजन को UAE के सबसे सफल भारतीय मूल के कारोबारियों में गिना जाता है.
नेटफ्लिक्स के शो Desi Bling से फिर चर्चा में आए
नेटफ्लिक्स के शो Desi Bling में रिजवान साजन की लग्जरी लाइफस्टाइल ने लोगों का ध्यान खींचा है. शो में प्राइवेट जेट, महंगी घड़ियां, डिजाइनर कपड़े और सोने के बड़े कलेक्शन दिखाए गए हैं. लेकिन दर्शकों को सबसे ज्यादा प्रभावित उनकी संघर्ष की कहानी कर रही है.