Bihar Cricket
Bihar Cricket
बिहार के युवाओं का क्रिकेट में बढ़ता दबदबा अब पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. इसी को लेकर वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार के क्रिकेट टैलेंट की खुलकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यहां के खिलाड़ी आज आईपीएल जैसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं.
खिलाड़ियों की जमकर की तारीफ
पटना में जन्मे अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बिहार के कई खिलाड़ियों का जिक्र किया. उन्होंने खासतौर पर ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और साकिब हुसैन की उपलब्धियों की सराहना की.
उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रचा है. वहीं समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं. इसके अलावा गोपालगंज के साधारण परिवार से आने वाले साकिब हुसैन अपनी शानदार गेंदबाजी से दुनियाभर का ध्यान खींच रहे हैं.
“बिहार मेरे लिए भावना है”
अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में बिहार से अपने गहरे जुड़ाव का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि बिहार उनके लिए सिर्फ एक राज्य नहीं बल्कि एक भावना है. उनका सपना है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिले और उन्हें अपने राज्य में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब बिहार की धरती से निकला टैलेंट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमके. इसके लिए राज्य में विश्वस्तरीय क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर ट्रेनिंग सुविधाओं की जरूरत है.
सीएम सम्राट चौधरी ने दिया जवाब
अनिल अग्रवाल की इस पोस्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार क्रिकेट को लेकर “मिशन मोड” में काम कर रही है. सरकार का विजन साफ है और राज्य में खेल सुविधाओं को तेजी से बेहतर बनाया जा रहा है.
सीएम ने कहा कि अनिल अग्रवाल जैसे लोगों के सहयोग से बिहार क्रिकेट को नई दिशा मिलेगी और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ियों को और ज्यादा मौके मिलेंगे.