scorecardresearch

स्कूली छात्राओं ने फौजी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, बच्चों के स्नेह से गूंजा बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर

रक्षाबंधन के मौके पर बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में देशभक्ति और भाई-बहन के स्नेह का अनोखा संगम देखने को मिला. मौर्य पार्क में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं और स्वास्तिक परिवार की बहनों ने सेना के जवानों और अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें शुभकामना संदेश वाले कार्ड भेंट किए.

Advertisement
 Raksha Bandhan Celebration Raksha Bandhan Celebration

बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में देशभक्ति और भाई-बहन के स्नेह की बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली. जहां दानापुर रेजिमेंट सेंटर के मौर्य पार्क में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं और स्वास्तिक परिवार की बहनों ने बिहार रेजिमेंट सेंटर के जवानों की कलाई पर राखी बांधी. बच्चों के हाथों से रक्षा सूत्र बांधते ही जवानों के चेहरों पर खुशी और भावुकता नजर आई. वहीं सेना के बैंड ने देशभक्ति की धुनें बजाकर पूरे माहौल को राष्ट्र प्रेम से सराबोर कर दिया.

इस कार्यक्रम में कई स्कूली छात्राओं ने बिहार रेजिमेंट सेंटर के अधिकारी समेत जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं, छात्राओं ने जवानों को राखी के साथ शुभकामना संदेश वाले कार्ड भी भेंट किए. वहीं स्वास्तिक परिवार की बहनों ने भी जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा. राखी बंधवाते समय जवानों के चेहरे पर खुशी के साथ अपने परिवार से दूर रहने की भावुकता भी साफ नजर आई. इस दौरान सेना के बैंड ने देशभक्ति की मनमोहक धुन प्रस्तुत की. बैंड की धुनों के बीच पूरा कैंटोनमेंट परिसर भारत माता के जयकारों और राष्ट्र प्रेम के जज्बे से गूंज उठा.

कार्यक्रम में बिहार रेजिमेंट सेंटर के उप समादेष्टा संजीव कुमार, मेजर जयवीर और सेंट्रल एसएम ऑनरेरी लेफ्टिनेंट प्रकाश चंद्र अरिसल समेत सेना के कई अधिकारी मौजूद रहे. उप समादेष्टा संजीव कुमार ने कहा कि सेना की जिम्मेदारियों के चलते जवानों को कई बार रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहना पड़ता है. ऐसे में बच्चों के हाथों से बंधने वाली राखी उन्हें परिवार जैसा अपनापन देती है.

बहनों ने लुटाया प्यार
उन्होंने कहा कि जवानों की कलाई पर बांधने वाला यह धागा सिर्फ राखी नहीं, बल्कि पूरे देश की हिम्मत, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है. यही स्नेह सैनिकों को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी देश की रक्षा करने का हौसला देता है. वहीं कई विद्यालय से सैनिकों को राखी बांधने पहुंची छात्राओं ने कहा कि बॉर्डर पर जो हमारे सैनिक भाई हैं वह अपने बहन के पास नहीं जा पाए तो आज हम लोगों ने अपने सैनिक भाइयों के कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा है. उनके लिए रक्षा सूत्र भेजे हैं ताकि उन्हें बहन की कमी नहीं महसूस हो.