प्रधानमंत्री मोदी आज लखनऊ में हैं
प्रधानमंत्री मोदी आज लखनऊ में हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ में थे. जहां उन्होंने 4737 करोड़ की 75 परियोजनाओं की आधारशिला रखी. सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने लखनऊ में अर्बन कॉन्क्लेव में आयोजित कार्यक्रम का दौरा किया. इस दौरान पीएम मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे.
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने लखनऊ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि 75 हजार परिवार जिनको उनके घरों की चाभी मिली है, वे अब अपने नए घर में सभी त्योहार मना पाएंगें. पीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में यूपी में आवास योजना - शहरी का काम ठीक से नहीं होता था, तब 18 हजार घरों की मंजूरी के बावजूद 18 घर भी नहीं बने थे. वहीं सीएम योगी की सरकार में आवास योजना - शहरी में 9 लाख घर बनाकर दिए गए हैं. वहीं 14 लाख घर निर्माण के अलग-अलग चरणों में हैं.
पीएम ने 18 लाख दीये जलाने का दिया होमवर्क
पीएम मोदी ने कहा कि यूपी आया हूं तो कुछ होमवर्क देने का मन करता है. इस बार दिवाली पर अयोध्या में कहते हैं कि 7.5 लाख दीये का कार्यक्रम है. मैं यूपी को कहता हूं कि रोशनी के लिए स्पार्धा में मैदान में आएं. देखें कि अयोध्या में ज्यादा दीये जलते हैं या फिर 9 लाख लाभार्थी मिलकर 18 लाख दीये जला सकते हैं. इससे भगवान राम को खुशी होगी.
पीएम मोदी ने स्मार्ट सिटी मिशन और अमृत मिशन में 4,737 करोड़ रुपये की लागत की कुल 75 परियोजनाओं का डिजिटली लोकार्पण व शिलान्यास किया. साथ ही पीएम ने जनपद लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, गाजियाबाद और वाराणसी के लिए 75 स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों का फ्लैग ऑफ किया.
पीएम ने 75 हजार लाभार्थियों को चाभी सौंपी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 75 हजार लाभार्थियों को चाभी सौंपी. पीएम मोदी लाभार्थियों से बात भी की. ये सभी लोग यूपी के जिलों के हैं. ये सभी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी हैं. पीएम मोदी ने वहां घर पाने वाले कुछ लाभार्थियों से बात भी की. एक लाभार्थी से बात करते हुए पीएम मोदी ने इस बात की खुशी जाहिर की कि उनकी यह दिवाली नए और अपने घर में मनेगी.
अर्बन कॉन्क्लेव के अपडेट्स
अर्बन कॉन्क्लेव कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने 17.3 लाख घरों को मंजूरी दी है. अब तक 8.8 लाख लाभार्थियों को मकान दिए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि हमारे शहर आने वाले समय में आगामी 25 वर्षों में आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. वहीं सीएम योगी ने कहा कि यूपी ने पिछले कुछ सालों में कई उपलब्धियां हासिल की हैं. सीएम योगी ने यह भी बताया कि यूपी में कोरोना वैक्सीन की 11 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में अर्बन कॉन्क्लेव का आयोजन अन्य उभरते और आने वाले शहरों के साथ इस शहर की एक नई तस्वीर खींचने में मदद करेगा. पीएम ने नए भारत का सपना देखा है, इसके लिए वह लगातार काम कर रहे हैं. भारत उनके सपने को साकार होते देख रहा है.
पीएम मोदी का ऐसा रहा कार्यक्रम
मोदी जनपद लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, गाजियाबाद और वाराणसी के लिए 75 स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके अलावा प्रधानमंत्री सभी जिलों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित 75 हजार लाभार्थियों को चाभी वितरण कर उनसे संवाद भी किया.