Bhagwant Singh Mann meets Pralhad Joshi
Bhagwant Singh Mann meets Pralhad Joshi
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य के किसानों और मंडियों के लिए कई महत्वपूर्ण राहत उपाय सुनिश्चित किए. इस दौरान केंद्र ने पंजाब में पड़े 155 लाख मीट्रिक टन अनाज की लिफ्टिंग के लिए विशेष रेल गाड़ियां चलाने पर सहमति दे दी, जिससे रबी मंडीकरण सीजन से पहले राज्य में अनाज भंडारण संबंधी गंभीर संकट से निपटने में मदद मिलेगी.
गेहूं और चावल की लिफ्टिंग पर केंद्रीय मंत्री से बातचीत- सीएम मान
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि बैठक के दौरान केंद्र के सामने महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए, जिसमें पंजाब में पड़े 155 लाख मीट्रिक टन गेहूं और चावल की तुरंत लिफ्टिंग और आरडीएफ के तहत बकाया 9,000 करोड़ रुपए की तुरंत अदायगी के मुद्दे शामिल थे. इसके साथ ही, नकद ऋण सीमा के तहत राज्यों पर लगाई गई उच्च ब्याज दरों को कम करने और आढ़तियों की केंद्र से संबंधित मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करने की मांग की गई. इसके अलावा, मंडी मजदूरों के ईपीएफ से संबंधित मुद्दों को तुरंत हल करने की अपील की गई और असामयिक बारिश के कारण हुए नुकसान के लिए किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई. उन्होंने आगे लिखाकि मुझे बेहद खुशी हो रही है कि केंद्रीय मंत्री ने इन सभी मुद्दों पर बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. हम पंजाब के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
गेहूं और चावल के भंडारण के लिए कितनी जगह?
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य के कवरड गोदामों में 180.88 लाख मीट्रिक टन अनाज पहले से ही स्टोर किया गया है. इसमें 151.20 लाख मीट्रिक टन चावल और 29.67 लाख मीट्रिक टन गेहूं है. जबकि कुल उपलब्ध कवरड भंडारण क्षमता लगभग 183 लाख मीट्रिक टन है. इसमें से 173 लाख मीट्रिक टन कवरड गोदाम और 10 लाख मीट्रिक टन गेहूं साइलो की भंडारण क्षमता है. अभी चावलों के लिए केवल 0.50 लाख मीट्रिक टन कवरड स्पेस और गेहूं के लिए 1.75 लाख मीट्रिक टन साइलो स्पेस उपलब्ध है.
उन्होंने कहा कि राज्य में 1 अप्रैल, 2026 से रबी मंडीकरण सीजन (आरएमएस) 2026-27 शुरू हो गया है, जिसमें संभावित रूप से 130-132 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जाएगी.
लगातर अनाज उठाई की मांग- सीएम मान
अनाज की धीमी उठाई का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमारी सरकार लगातार गेहूं और चावल की राज्य से उठाई की मांग करती रही है, ताकि चावल की खरीद और स्टोरेज के लिए जरूरी भंडारण क्षमता बनाई जा सके. हालांकि पिछले कई महीनों से राज्य से गेहूं और चावल की औसत उठाई प्रति माह केवल 5 लाख मीट्रिक टन रही है.
ये भी पढ़ें: