scorecardresearch

अब मोबाइल रिचार्ज होगा और भी सस्ता, TRAI जल्द लाएगा बिना डेटा वाले कम कीमत के नए प्लान

नया नियम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को 7 दिन से लेकर 365 दिन तक की वैधता वाले बिना डेटा के सस्ते रिचार्ज प्लान चुनने का विकल्प मिल सकेगा. इससे उन लोगों को सीधा लाभ होगा, जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं होती.

 मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए गुड न्यूज मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए गुड न्यूज

अगर आप मोबाइल का इस्तेमाल सिर्फ कॉल और एसएमएस के लिए करते हैं और इंटरनेट की जरूरत नहीं पड़ती, तो आपके लिए अच्छी खबर है. भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) जल्द ही ऐसे उपभोक्ताओं के लिए कम कीमत वाले बिना डेटा वाले शॉर्ट टर्म रिचार्ज प्लान का रास्ता साफ करने जा रहा है. इससे खासकर सीनियर सिटीजन और फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लाखों लोगों को राहत मिलेगी.

जल्द आएंगे सस्ते बिना डेटा वाले शॉर्ट टर्म प्लान
समस्तीपुर में ट्राई की ओर से आयोजित एक दिवसीय मोबाइल उपभोक्ता जागरूकता सेमिनार में ट्राई के जॉइंट एडवाइजर अस्मित दत्ता ने बताया कि लंबे समय से सीनियर सिटीजन और फीचर फोन उपयोगकर्ता ऐसी रिचार्ज योजना की मांग कर रहे थे, जिसमें इंटरनेट डेटा शामिल न हो. ऐसे लोगों को केवल कॉल और एसएमएस की सुविधा चाहिए होती है, इसलिए डेटा वाले महंगे प्लान उनके लिए उपयोगी नहीं हैं. उन्होंने बताया कि ट्राई ने दिसंबर 2024 में टेलीकॉम कंपनियों को बिना डेटा वाले प्लान शुरू करने का निर्देश दिया था. इसके बाद कंपनियों ने 84 दिन और 365 दिन की वैधता वाले कुछ प्लान पेश किए. हालांकि, उपभोक्ताओं की मांग कम अवधि वाले सस्ते प्लान की भी रही है.

7 दिन से 365 दिन तक मिल सकते हैं विकल्प
अस्मित दत्ता ने बताया कि ट्राई ने हाल ही में इस मुद्दे पर ओपन हाउस डिस्कशन आयोजित किया, जिसमें उपभोक्ता संगठनों और अन्य संबंधित पक्षों ने अपने सुझाव दिए. इन सुझावों के आधार पर ट्राई जल्द नया रेगुलेशन जारी करेगा. इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को कम कीमत वाले बिना डेटा के शॉर्ट टर्म रिचार्ज प्लान लाने के निर्देश दिए जाएंगे. नया नियम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को 7 दिन से लेकर 365 दिन तक की वैधता वाले बिना डेटा के सस्ते रिचार्ज प्लान चुनने का विकल्प मिल सकेगा. इससे उन लोगों को सीधा लाभ होगा, जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं होती.

मोबाइल उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक
समस्तीपुर में आयोजित इस सेमिनार में ट्राई, दूरसंचार विभाग (DoT) और रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने मोबाइल उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं. कार्यक्रम में अनचाहे प्रमोशनल कॉल और एसएमएस से बचाव, डीएनडी सेवा के उपयोग, मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी), डेटा गोपनीयता, साइबर फ्रॉड से बचाव, टैरिफ प्लान की पारदर्शिता और शिकायत निवारण की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई. इसके अलावा ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय, नए यूसीसी रेगुलेशन 2024, ट्राई के मोबाइल ऐप और वेबसाइट के उपयोग तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया.

ये भी पढ़ें: