Ramcharitmanas: कथावाचक ने रामकथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान के साथ और उसके बाद मनुष्यता जगाने वाला सबसे बड़ा ग्रंथ रामचरितमानस है. रामकथा मन के समस्त संशयों और दुविधाओं का निवारण करती है तथा इसके श्रवण से जीवन में केवल मंगल ही मंगल होता है. उन्होंने मानस में सात कांड होने के दार्शनिक आधार स्पष्ट किए, जिनमें सात सुर, सप्ताह के सात दिन, श्रीराम की सातवीं तुला राशि और सात द्वीपों का संदर्भ शामिल है. साथ ही उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रेम और राम प्रेम दोनों की धारा मानस से ही प्रवाहित होती है. भारत की आत्मा श्रीराम हैं और राम में ही राष्ट्र समाहित है. कथा श्रवण करने से अंतःकरण में भगवान श्रीराम का वास होता है, जिससे मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा मिलती है.