asli or nakli doodh kaise pahchane
asli or nakli doodh kaise pahchane
गर्मियों में दूध, दही, लस्सी, पनीर और आइसक्रीम जैसी चीजों की मांग तेजी से बढ़ जाती है. इसी बढ़ती मांग का फायदा मिलावटखोर उठाते हैं. हाल ही में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 1400 लीटर और आगरा में 450 लीटर नकली दूध पकड़ा गया. जांच में सामने आया कि इस दूध में डिटर्जेंट, यूरिया और स्टार्च जैसी चीजें मिलाई गई थीं. यानी जो दूध लोग बच्चों और परिवार की सेहत के लिए खरीद रहे थे, वह असली था ही नहीं.
डॉक्टरों के मुताबिक मिलावटी दूध पेट, लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याएं पैदा कर सकता है. बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर ज्यादा खतरनाक हो सकता है. ऐसे में जरूरी है कि दूध खरीदते समय सावधानी बरती जाए और घर पर ही उसकी पहचान करना सीखा जाए.
दूध खरीदते समय ये गलती न करें
सबसे बड़ी गलती है सिर्फ सस्ता देखकर दूध खरीद लेना. कई लोग बिना ब्रांड, बिना पैकिंग या बिना जांच वाले खुले दूध पर भरोसा कर लेते हैं. कोशिश करें कि हमेशा भरोसेमंद डेयरी या अच्छी कंपनी का पैक्ड दूध लें.
अगर खुला दूध खरीद रहे हैं तो उसका रंग, गंध और गाढ़ापन जरूर देखें. बहुत ज्यादा सफेद और झाग वाला दूध कई बार मिलावटी हो सकता है. सड़क किनारे या बिना साफ-सफाई वाली जगहों से दूध खरीदने से भी बचना चाहिए.
घर बैठे ऐसे करें नकली दूध की पहचान
1. पानी मिलाया है या नहीं, ऐसे जानें
किसी चिकनी सतह पर दूध की एक बूंद गिराएं. अगर बूंद धीरे-धीरे नीचे जाए और सफेद निशान छोड़े तो दूध शुद्ध हो सकता है. अगर बूंद तुरंत बह जाए, तो उसमें पानी मिलाया गया हो सकता है.
2. डिटर्जेंट की पहचान
थोड़ा दूध लेकर बोतल में डालें और जोर से हिलाएं. अगर उसमें ज्यादा झाग बने और देर तक टिके रहें, तो डिटर्जेंट की मिलावट हो सकती है.
3. दूध में स्टार्च मिला हैं ऐसे जांचें
दूध को थोड़ा ठंडा करके उसमें आयोडीन टिंचर की कुछ बूंदें डालें. अगर दूध का रंग नीला होने लगे तो उसमें स्टार्च मिलाया गया हो सकता है.
4. सिंथेटिक दूध ऐसे पहचानें
सिंथेटिक दूध का स्वाद हल्का कड़वा या साबुन जैसा लग सकता है. हाथों के बीच रगड़ने पर यह चिकना महसूस होता है. गर्म करने पर इसका रंग हल्का पीला भी पड़ सकता है.
5. यूरिया की पहचान
थोड़े दूध में सोयाबीन या अरहर दाल का पाउडर मिलाकर 5 मिनट छोड़ दें. इसके बाद लाल लिटमस पेपर डालें. अगर पेपर का रंग नीला हो जाए तो यूरिया की मिलावट हो सकती है.
मिलावटी दूध से बचने के आसान तरीके
हमेशा भरोसेमंद ब्रांड या डेयरी से ही दूध खरीदें.
पैकेट पर एक्सपायरी डेट जरूर जांचें.
दूध को उबालने से पहले उसकी गंध और रंग देखें.
बहुत ज्यादा सफेद और चमकदार दूध से सावधान रहें.
बच्चों को कच्चा दूध पीने से बचाएं.
शक होने पर दूध का इस्तेमाल न करें और खाद्य विभाग में शिकायत करें.