scorecardresearch

Best Time for Walk in Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण! इस समय न करें वॉक... वरना फेफड़े होंगे खराब, जानें सैर करने का कौन सा है सही समय?

Air Pollution: सुबह और शाम टहलना सेहत के लिए अच्छा होता है लेकिन दिल्ली-एनसीआर में सर्दी की शुरुआत के साथ ही हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है. AQI खराब श्रेणी में पहुंच चुका है. डॉक्टरों के मुताबिक यदि ऐसे में आप सुबह और शाम में बाहर जाकर वॉक करते हैं तो आपके स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है. आपके फेफड़े तक खराब हो सकते हैं. यहां आप जान सकते हैं सैर करने का कौन सा सही समय है?

Advertisement
Best Time for Walk in Delhi-NCR Best Time for Walk in Delhi-NCR

Health and Fitness: सुबह और शाम में टहलना यानी वॉक करना व दौड़ना सेहत के लिए काफी अच्छा माना गया है लेकिन दिल्ली-एनसीआर में सर्दी की शुरुआत के साथ ही हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है. AQI खराब श्रेणी में पहुंच चुका है. वायु प्रदूषण सुबह के समय अधिक देखने को मिल रहा है. ऐसे में सुबह-सुबह हर दिन वॉक करने वाले लोगों के मन में यह सवाल आ रहा है कि आखिर सर्दी के मौसम में सैर करना किस समय सही है.

...तो न करें इस समय कोई भी एक्सरसाइज
डॉक्टरों के मुताबिक प्रदूषण के दौरान बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को सुबह और शाम सैर करने से बचना चाहिए. डॉक्टरों का कहना है कि जब तक प्रदूषण का स्तर कम न हो जाए और वायु गुणवत्ता में सुधार न हो जाए तब तक सुबह और शाम की वॉक नहीं करनी चाहिए.

स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह के अनुसार जब AQI 200 से ऊपर यानी खराब से गंभीर श्रेणी में हो तो अहले सुबह और देर शाम बाहर वॉक करने या दौड़ने से बचना चाहिए. सुबह के समय हवा ठंडी होने के कारण प्रदूषक कण PM2.5 और PM10 जमीन के करीब रहते हैं. खराब हवा में वॉक करने या कोई भी एक्सरसाइज करने से सांस तेज चलती है और शरीर में प्रदूषकों के पहुंचने की मात्रा बढ़ सकती है. इससे फेफड़ों को भारी नुकसान पहुंच सकता है. आप दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच जब स्थानीय AQI बेहतर हो जाए तो बाहर निकलकर वॉक कर सकते हैं.

क्या रात में टहल सकते हैं घर से बाहर
आपको मालूम हो कि सर्दी के मौसम में रात में भी टहलना बहुत सेफ नहीं है क्योंकि शाम को तापमान गिरने से प्रदूषण की परत फिर से जमीन के पास जम जाती है. इससे शाम को धुंध बनती है जिससे वातावरण में प्रदूषकों और धूल का हाई कॉन्सेंट्रेशन होता है. नतीजन रात की सैर भी आपके स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकती है. ऐसे हेल्थ एक्सपर्ट रात के समय घर से बाहर निकलने की सलाह नहीं देते हैं. 

वॉक करने के लिए क्या करें 
सर्दी के मौसम में सुबह और शाम को वायु प्रदूषण अधिक रहता है. ऐसे में डॉक्टर देर से यानी अर्ल मॉर्निंग नहीं बल्कि लेट मॉर्निंग के दौरान टहलने की सलाह देते हैं क्योंकि सूरज की रोशनी प्रदूषण को कम करने में मदद करती है. सुबह 8-9 बजे के बाद हवा की गुणवत्ता थोड़ी बेहतर होती है जिससे यह बाहर निकलने और व्यायाम के लिए ज्यादा सुरक्षित समय है. ऐसे में आप लेट मॉर्निंग और दोपहर के समय टहलने के जा सकते हैं.

घर से बाहर निकलने से पहले AQI चेक कर लें. सेफ्टी के लिए हाई क्वालिटी का N95/FFP2 मास्क जरूर पहनें. आप चाहें तो घर में ही योग और एक्सरसाइज कर सकते हैं. सैर करने या एक्सरसाइज करने के दौरान सांस फूलने, सीने में दर्द या चक्कर आने पर तुरंत गतिविधि रोककर चिकित्सकीय सलाह लें. आप सुबह और शाम के समय घर की खिड़कियों को बंद रखें. घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें. 

AQI के हिसाब से कब टहलने बाहर जाएं 

  • AQI 0–50 (अच्छा): आप टहलने के लिए बाहर जा सकते हैं. 
  • AQI 51–100 (संतोषजनक): आप सामान्य सावधानियों के साथ बाहर सैर करने जा सकते हैं. 
  • AQI 101–200 (मध्यम): बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोग सावधानी बरतें. 
  • AQI 201–300 (खराब): घर के बाहर खासकर सुबह और देर शाम एक्सरसाइज करने से बचें. 
  • AQI 301–400 (बहुत खराब): बाहर टहलने की जगह घर के अंदर कोई एक्सरसाइज करें.
  • AQI 401–500 (गंभीर): घर से बाहर जाकर कोई भी एक्सरसाइज करने से बचें.