Coconut Water vs Sugarcane Juice
Coconut Water vs Sugarcane Juice
गर्मियों के मौसम में लोग अक्सर नारियल पानी और जगह-जगह मिल रहे गन्ने के जूस का सेवन करते हैं. दोनों ही ड्रिंक गर्मी में शरीर को ठंडक और एनर्जी देने का काम करते हैं. लेकिन जब सामने दो विक्लप मौजूद हो, तो किसको चुना जाए और किस वजह से यह बड़ा सवाल होता है. तो ऐसे में बताते हैं कि नारियल पानी और गन्ने के रस में क्या अंतर होता है, साथ ही कब किसका सेवन करना चाहिए.
क्यों बेहतर है नारियल पानी?
नारियल पानी स्वाद में कम मीठा होता है, लेकिन न्यूट्रिशन की बात करें तो यह काफी अहम होता है. इसमें पोटैशियम, सोडियम समेत कई तरह के इलेक्ट्रोलाइट्स पाए जाते हैं. साथ ही क्योंकि यह मीठा कम होता है, तो यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी अच्छा ऑप्शन बन जाता है क्योंकि इससे शुगर लेवल स्पाइक नहीं होता. साथ ही गर्मी के मौसम में यह ठंडक के साथ-साथ गर्मी से भी निजात दिलाता है.
कैसे हैं गन्ने का जूस अलग?
गर्मियों के मौसम में जगह-जगह बिकने वाला गन्ने का जूस स्वाद में थोड़ा ज्यादा मीठा होता है. इसका कारण है कि इसमें नेचुरल शुगर की मात्रा ज्यादा होती है. इसकी वजह से यह नारियल पानी के मुकाबले थोड़ा भारी होता है. इसमें अच्छी मात्रा में फाइबर मौजूद होता है, जो डाइजेशन सिस्टम के लिए काफी अच्छा होता है. गन्ने का जूस डायबिटीज के मरीजों के लिए ठीक नहीं होता क्योंकि इसमें शुगर लेवल काफी ज्यादा होता है. जिसके सेवन से मरीजों में शुगर लेवल स्पाइक आ जाता है.
कब करें किसका सेवन?
अगर आप काफी गर्मी से आ रहे हैं, और एनर्जी लेवल काफी कम महसूस हो रहा है तो इस स्थिति में गन्ने का जूस ज्यादा बेहतर रहेगा. इसकी वजह है कि इसके सेवन से एनर्जी लेवल जल्दी रिकवर हो जाता है. जो नारियल पानी नहीं कर पाता है. लेकिन अगर आप दिनभर गर्मी में रहने वाले हैं, तो बेहतर रहेगा कि आप नारियल पानी का सेवन करें. इसकी वजह हैं कि गर्मी में रहने के दौरान आप अपने इलेक्ट्रोलाइट्स को खो देते हैं. जिसकी वजह से कमजोरी महसूस कर सकते हैं. नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करने में मदद करता है. इससे आपको एनर्जी भी मिलती है और जरूरी मिनरल्स भी.