Covid-19 Update
Covid-19 Update
दुनियाभर में बढ़ते कोविड-19 के मामलों पर लगातार नजर बनाई जा रही है. अब इसी कड़ी में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) XBB.1.16 नाम के एक नए COVID-19 सबवेरिएंट की निगरानी कर रहा है. पिछले कुछ महीनों से भारत में इसके कुछ मामले देखे जा रहे हैं. 3 अप्रैल को देश में इसके 3,600 से अधिक नए कोविड-19 केस दर्ज किए गए थे. ये छह महीने में अब तक के सबसे ज्यादा है.
क्या हैं ये नया सबवेरिएंट ?
दरअसल, WHO के अनुसार XBB.1.16 ओमिक्रॉन सबवेरिएंट में से ही एक है. यह XBB.1.5 वैरिएंट के जैसा है. एक्सपर्ट्स ने इसपर नजर रखने के लिए कहा है. अब तक, XBB.1.16 मुख्य रूप से भारत और नेपाल में पाया गया है, जहां 3 अप्रैल को कम से कम 10 मामलों की पुष्टि की गई थी. लेकिन, जैसा कि पिछले वेरिएंट के साथ देखा गया है, ऐसे में चीजें जल्दी बदल सकती हैं.
जैसे अगर बात करें XBB.1.5 की तो अब जितने इसके मामले हैं, पिछले साल दिसंबर के आखिर तक अमेरिका में इसके एक चौथाई से भी कम मामले थे. ऐसे में ये नया वेरिएंट क्या कर सकता है और कितना नुकसान पहुंचा सकता है यह कोई नहीं जानता.
क्या हैं इसके लक्षण?
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनिया भर में 600 से ज्यादा ऑमिक्रॉन वेरिएंट हैं और XBB.1.16 उनमें से एक है. ऐसा माना जा रहा है कि XBB.1.16 वेरिएंट भारत के अलग-अलग राज्यों में पिछले कुछ महीनों में कोविड-19 मामलों में उछाल आ रहा है. मार्च में, महाराष्ट्र सरकार ने भी XBB.1.16 वेरिएंट के तेजी से फैलने की सूचना दी है. हालांकि, यह नया वेरिएंट तेजी से फैलता है लेकिन इससे कोई गंभीर बीमारी नहीं होती है. अब तक देखे गए कुछ लक्षणों में बुखार जो धीरे-धीरे बढ़ता है और 1-2 दिनों तक रहता है, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द और पेट की परेशानी शामिल है.
किसे है सबसे ज्यादा खतरा?
बताते चलें कि XBB.1.16 वेरिएंट किसी भी गंभीर बीमारी का कारण नहीं बनता है. हालांकि, जो लोग पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, जो बुजुर्ग आबादी है, या जिसे सांस की परेशानी है उन्हें ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए.
अभी तक कि बात करें तो समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, XBB.1.16 का पहला मामला जनवरी में सामने आया था. इसके अलावा, जिन लोगों ने वैक्सीन की सारी डोज ले रखी हैं उन्हें भी ये संक्रमण हो सकता है. चूंकि कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ रहे हैं, इसलिए सभी को मास्क लगाने और सैनिटाइजर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.