scorecardresearch

Delhi में डेंगू और H1N1 पर अलर्ट! सरकार एक्टिव मोड में, सभी अस्पताल तैयार, मरीजों का किया जा रहा समय पर इलाज 

Delhi on Alert for Dengue and H1N1: दिल्ली में अब तक डेंगू के 1,179 और H1N1 के 1,344 मामले दर्ज किए गए हैं. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि सभी अस्पताल तैयार हैं और मरीजों का समय पर इलाज किया जा रहा है.

Advertisement
Delhi on Alert for Dengue and H1N1 Delhi on Alert for Dengue and H1N1

दिल्ली में मॉनसून के दौरान डेंगू और H1N1 (स्वाइन फ्लू) के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही सरकार एक्टिव मोड में काम कर रही है. सभी सरकारी अस्पतालों को संभावित मरीजों के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है.

...ताकि किसी भी मरीज के इलाज में न हो देरी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि डेंगू के लक्षण लेकर आने वाले हर मरीज की तुरंत जांच और उचित इलाज सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं ताकि किसी भी मरीज को इलाज में देरी न हो.

अब तक इतने मामले 
मंत्री के मुताबिक, दिल्ली में अब तक डेंगू के कुल 1,179 मामले सामने आए हैं, जबकि 210 मरीज दिल्ली के बाहर के हैं, जिनका इलाज राजधानी के अस्पतालों में किया गया. उन्होंने कहा कि सरकार की तैयारियों और समय पर इलाज के कारण मरीज स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं. H1N1 संक्रमण को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग रोजाना टेस्टिंग कर रहा है. अब तक 1,344 लोगों की रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई है और सभी मरीजों का इलाज जारी है. उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

लोगों से स्वास्थ्य विभाग की अपील 
डॉ. पंकज सिंह ने राहत की बात बताते हुए कहा कि अब तक दिल्ली में डेंगू और H1N1 से एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता, समय पर जांच और बेहतर उपचार व्यवस्था का परिणाम है. वहीं, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में कमी दर्ज की गई है. इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.