H1N1 cases rise in Delhi:
H1N1 cases rise in Delhi:
दिल्ली-NCR में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू समेत दूसरी सांस से जुड़ी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं. कई लोगों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं. कुछ मरीजों में ऑक्सीजन लेवल कम होने की शिकायत भी सामने आई है. डॉक्टरों और अस्पतालों में ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें अचानक बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षण हैं. ऐसे में हर बुखार को सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.
अचानक बुखार और सूखी खांसी हो तो रखें नजर
H1N1 में लक्षण कई बार सामान्य फ्लू जैसे ही दिखाई देते हैं. मरीज को अचानक बुखार आ सकता है. इसके साथ सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, ठंड लगना, शरीर में दर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है. कई लोगों को शुरुआत में यह सामान्य मौसमी वायरल जैसा लग सकता है. लेकिन अगर लक्षण लगातार बढ़ रहे हैं या मरीज की हालत में सुधार नहीं हो रहा है तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं.
H1N1 से होने वाला संक्रमण हो सकता है गंभीर
H1N1 से होने वाला संक्रमण कुछ मामलों में गंभीर भी हो सकता है. खासकर जब संक्रमण फेफड़ों तक पहुंचता है तो सांस लेने में परेशानी हो सकती है. कुछ मरीजों में ऑक्सीजन लेवल कम हो सकता है. अगर बुखार लगातार तेज बना हुआ है, सांस फूल रही है, सीने में दर्द हो रहा है या सांस लेने में परेशानी बढ़ रही है तो डॉक्टर के पास जाएं.
इन लक्षणों को खास तौर पर नजरअंदाज न करें-
सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना
सीने में दर्द
लगातार तेज बुखार
अचानक बहुत ज्यादा कमजोरी
भ्रम या असामान्य व्यवहार
होंठ या चेहरा नीला पड़ना
लक्षणों का लगातार बिगड़ना
बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाएं ज्यादा सावधान रहें
इन्फ्लुएंजा से ज्यादातर स्वस्थ लोग ठीक हो जाते हैं, लेकिन कुछ लोगों में इसके गंभीर होने का खतरा ज्यादा रहता है. बुजुर्ग, छोटे बच्चे और गर्भवती महिलाएं ऐसे समूहों में शामिल हैं. इसके अलावा डायबिटीज, दिल या फेफड़ों से जुड़ी पुरानी बीमारी और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को भी ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है. इन लोगों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है और जटिलताओं का खतरा बढ़ सकता है.
घर में किसी को फ्लू है तो संक्रमण से बचने के ये तरीके अपनाएं
H1N1 समेत सांस से जुड़ी बीमारियां संक्रमित व्यक्ति की खांसी या छींक से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क के जरिए फैल सकती हैं. इसलिए घर में किसी को फ्लू जैसे लक्षण हों तो उसके साथ बहुत नजदीकी संपर्क से बचें.
हाथों को साबुन से नियमित रूप से धोना, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढंकना और बीमार होने पर दूसरों से दूरी बनाए रखना जरूरी है. बिना जरूरत भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना मददगार हो सकता है.