scorecardresearch

क्या होता है Digital Detox? क्यों Smartphone से दूरी है जरूरी? जानें क्या फायदा होता है इसका सेहत पर

डिजिटल डिटॉक्स एक तरह से फोन से दूरी बनाने का नाम है. फोन का लगातार इस्तेमाल हमें मानसिक तौर पर काफी थका देता है. डिटॉक्स की मदद से हम खुद को एक तरह से रिसेट कर पाते हैं.

AI Generated Image AI Generated Image

आज के दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. सुबह उठते ही फोन चेक करना और रात तक लगातार सोशल मीडिया स्क्रॉल करते रहना अब लोगों की आदत बन गई है. हर समय नोटिफिकेशन देखना, ऑनलाइन रहना और स्क्रीन से जुड़े रहना धीरे-धीरे मानसिक तनाव बढ़ाने लगता है. इसका असर मूड, नींद और फोकस पर भी दिखाई देने लगता है. ऐसे में डिजिटल डिटॉक्स यानी कुछ समय के लिए फोन से दूरी बनाना जरूरी बन गया है. लेकिन डिजिटल डिटॉक्स हमारी सेहत के लिए कैसे फायदेमंद साबित होता है.

लगातार स्क्रीन देखने से बढ़ता है स्ट्रेस
जब दिमाग हर समय मोबाइल स्क्रीन, मैसेज और सोशल मीडिया अपडेट्स में उलझा रहता है, तो उसे आराम करने का मौका नहीं मिल पाता. यही वजह है कि कई लोग बिना किसी बड़ी वजह के चिड़चिड़ापन, थकान और बेचैनी महसूस करने लगते हैं. डिजिटल डिटॉक्स करने से दिमाग को शांति मिलती है और तनाव धीरे-धीरे कम होने लगता है. इससे नींद बेहतर होती है और काम में फोकस भी बढ़ता है.

सुबह उठते ही फोन देखने की आदत बदलें
अक्सर लोग नींद खुलते ही फोन उठाकर सोशल मीडिया या मैसेज चेक करने लगते हैं. यह आदत दिन की शुरुआत को तनावपूर्ण बना सकती है. कोशिश करें कि सुबह उठने के बाद कम से कम 30 मिनट तक फोन से दूर रहें. इस समय में हल्की एक्सरसाइज, मेडिटेशन या परिवार के साथ बातचीत करने जैसी आदतें अपनाई जा सकती हैं. इससे दिमाग शांत रहता है और दिन बेहतर तरीके से शुरू होता है.

नोटिफिकेशन कम करना भी है जरूरी
फोन पर बार-बार आने वाले नोटिफिकेशन दिमाग को भटकाने का काम करते हैं. हर कुछ मिनट में स्क्रीन चेक करने की आदत मानसिक दबाव बढ़ा सकती है. इसलिए जरूरी ऐप्स को छोड़कर बाकी नोटिफिकेशन बंद कर देना बेहतर विकल्प हो सकता है. इससे आपका ध्यान काम पर ज्यादा रहेगा और दिमाग भी कम परेशान होगा.

सोने से पहले फोन से बनाएं दूरी
रात में देर तक स्मार्टफोन इस्तेमाल करने से नींद की क्वालिटी खराब हो सकती है. स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट दिमाग को एक्टिव बनाए रखती है, जिससे जल्दी नींद नहीं आती. बेहतर होगा कि सोने से कम से कम एक घंटा पहले फोन का इस्तेमाल बंद कर दें. इसकी जगह किताब पढ़ना या हल्का संगीत सुनना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है.