Jaipur Miracle
Jaipur Miracle
जयपुर में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब दुर्लभ बीमारी ने उनके दो मासूम बच्चों की जान ले ली. लेकिन इसी परिवार के तीसरे बच्चे के साथ ऐसा हुआ, जिसे किसी चमत्कार से कम नहीं कहा जा सकता. महज 56 रुपए की दवा ने उसे मौत के मुंह से वापस खींच लिया.
यह करिश्मा जयपुर के जेके लोन अस्पताल के डॉक्टरों की मेहनत और सही समय पर दिए गए इलाज की बदौलत संभव हो पाया. यह घटना न केवल आधुनिक चिकित्सा की ताकत को दिखाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि समय पर सही इलाज मिल जाए तो एक छोटी-सी दवा भी जिंदगी बचाने का बड़ा जरिया बन सकती है.
जन्म के बाद बच्चे को गंभीर संक्रमण ने जकड़ा
दरअसल 10 मार्च को परिजन नवजात को अस्पताल लेकर पहुंचे, तब उसकी हालत बेहद गंभीर थी. जन्म के कुछ ही दिनों बाद बच्चे को गंभीर संक्रमण ने जकड़ लिया था. परिवार पहले उसे एक निजी अस्पताल लेकर गया, लेकिन वहां हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. आखिरकार उम्मीद की आखिरी किरण के तौर पर उसे जेके लोन अस्पताल लाया गया. जांच में सामने आया कि बच्चे का एब्सोल्यूट न्यूट्रोफिल काउंट (ANC) मात्र 82 रह गया था, जो बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है. डॉक्टरों के मुताबिक, यदि यह स्तर 500 से नीचे चला जाए, तो शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता लगभग खत्म हो जाती है और जान का खतरा बढ़ जाता है. बीमारी के कारण बच्चे का शरीर न तो पर्याप्त खून बना पा रहा था और न ही रोगों से लड़ने वाली कोशिकाएं.
हाइड्रॉक्सीकॉबालामिन इंजेक्शन से इलाज शुरू किया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत सही दिशा में कदम उठाया और हाइड्रॉक्सीकॉबालामिन इंजेक्शन का इलाज शुरू किया. इस इंजेक्शन की कीमत मात्र 14 रुपए है और सप्ताह में एक बार दिए जाने वाले डोज ने चमत्कार कर दिखाया. कुछ ही समय में बच्चे का बोन मैरो सक्रिय हो गया और उसका ANC स्तर 82 से बढ़कर 6000 के पार पहुंच गया. धीरे-धीरे बच्चे की हालत में सुधार होता गया और अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है.
इस बीमारी के अब तक दुनियाभर में केवल 60 मामले
मेडिकल जेनेटिक्स विभाग के प्रभारी डॉ. प्रियांशु माथुर ने बताया कि इस बीमारी के अब तक विश्वभर में केवल लगभग 60 मामले ही रिपोर्ट हुए हैं. समय पर सही पहचान और उपचार शुरू होने से इस बच्चे की जान बचाई जा सकी. यह मामला उस परिवार से जुड़ा है, जिसमें पहले दो बच्चों की लगभग 40 दिन की उम्र में मृत्यु हो चुकी थी. ऐसे में इस सफल उपचार ने न केवल एक जीवन बचाया, बल्कि परिवार को नई उम्मीद भी दी है. डॉक्टरों का कहना है कि इस मामले में सबसे अहम भूमिका समय पर सही बीमारी की पहचान और तुरंत शुरू किए गए इलाज की रही. यदि थोड़ी भी देरी होती, तो परिणाम पहले दो बच्चों जैसा दुखद हो सकता था. परिवार के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं है.
-विशाल शर्मा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें