मोरिंगा यानी सहजन के पत्तों को पोषक तत्वों का खजाना कहा जाता है. इनमें आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर, विटामिन A, C और कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं. गांवों में लोग सालों से इन पत्तों को अलग-अलग तरीकों से खाते आ रहे हैं. अगर आपने अब तक मोरिंगा के पत्ते नहीं खाए हैं, तो इसकी यह आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें. इसे दाल साग कहा जाता है. खास बात यह है कि चावल के साथ इसका स्वाद इतना अच्छा लगता है कि कई लोगों को पता भी नहीं चलता कि वे मोरिंगा के पत्ते खा रहे हैं.
मोरिंगा के पत्ते खाने के फायदे
- मोरिंगा के पत्ते शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं.
- इनमें भरपूर आयरन होता है, जो हीमोग्लोबिन बढ़ाने में सहायक हो सकता है.
- कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों को मजबूत रखने में मदद करते हैं.
- फाइबर की अच्छी मात्रा होने से पाचन बेहतर रहता है.
- एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री-रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं.
- विटामिन A आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है.
- नियमित और संतुलित मात्रा में सेवन करने पर यह शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद कर सकता है.
इससे आप एक लजीज रेसिपी बना सकते हैं, जिसे बनाना मिनटों का काम है. दाल साग बनाने के लिए आपको चाहिए-
एक मुट्ठी ताजे मोरिंगा के पत्ते
- 150 ग्राम मसूर की दाल
- स्वादानुसार नमक
- आधा चम्मच हल्दी
- जरूरत के अनुसार पानी
तड़के के लिए
- 2 चम्मच सरसों का तेल
- 6-7 लहसुन की कलियां
- 2 सूखी लाल मिर्च
- 1 छोटा चम्मच जीरा
ऐसे बनाएं मोरिंगा दाल साग
- सबसे पहले मोरिंगा के पत्तों को डंठल से अलग करके अच्छी तरह धो लें.
- अब 150 ग्राम मसूर की दाल को भी साफ पानी से धोकर कुकर में डाल दें. इसमें मोरिंगा के पत्ते, जरूरत के अनुसार पानी, नमक और हल्दी डालकर मिला लें.
- कुकर का ढक्कन बंद करें और पहले एक सीटी तेज आंच पर आने दें. इसके बाद आंच धीमी कर दूसरी सीटी लगने तक पकाएं. फिर गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें.
ऐसे तैयार करें तड़का
- एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर छिली हुई लहसुन की कलियां डालकर सुनहरा होने तक भूनें.
- अब इसमें सूखी लाल मिर्च डालकर थोड़ा फ्राई करें. इसके बाद जीरा डालें और कुछ सेकंड भून लें.
- तैयार तड़के को पकी हुई दाल में डाल दें और करीब 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि सभी स्वाद अच्छी तरह मिल जाएं.
ऐसे करें सर्व
गर्मागर्म मोरिंगा दाल साग को सादे चावल के साथ परोसें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा देसी घी भी डाल सकते हैं. यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ पोषण भी देती है और रोज की दाल से कुछ अलग हट के खाने का स्वादिष्ट मौका देती है. इसे अगर आप एक बार बनाएंगे तो बार-बार खाने का मन करेगा. बच्चे भी इस रेसिपी को फॉलो करते हैं.
ये भी पढ़ें