scorecardresearch

गुड न्यूज! खर्राटों और टूटती नींद से मिल सकती है राहत! स्लीप एपनिया की नई दवा ने जगाई उम्मीद

अमेरिका और कनाडा के वैज्ञानिकों ने AD109 नाम की एक नई दवा का ट्रायल किया है. रिसर्च में दावा किया गया है कि यह गोली स्लीप एपनिया की गंभीरता को कम करने में असरदार साबित हो सकती है.

 sleep apnea sleep apnea

रात में सोते समय सांस रुकना, तेज खर्राटे आना और बार-बार नींद टूटना सिर्फ थकान की वजह नहीं, बल्कि एक गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है. दुनिया भर में करोड़ों लोग स्लीप एपनिया (Obstructive Sleep Apnea ) से जूझ रहे हैं. अब तक इसके इलाज के लिए मरीजों को CPAP मशीन का इस्तेमाल करना पड़ता था, जिसे कई लोग असुविधाजनक मानते हैं.

अब वैज्ञानिकों ने एक नई गोली AD109 का क्लीनिकल ट्रायल किया है, जो भविष्य में इस मशीन का विकल्प बन सकती है. रिसर्च में दावा किया गया है कि यह दवा स्लीप एपनिया की गंभीरता को काफी हद तक कम कर सकती है.

क्या कहती है नई स्टडी?
यह रिसर्च जर्नल American Journal of Respiratory and Critical Care Medicine में प्रकाशित हुई है. अमेरिका और कनाडा के शोधकर्ताओं ने AD109 नाम की दवा का फेज-3 क्लीनिकल ट्रायल किया. इसमें 646 ऐसे मरीजों को शामिल किया गया, जिन्हें हल्के से गंभीर स्तर तक का ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया था. इनमें कई मरीज ऐसे थे जो CPAP मशीन इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे या उसे इस्तेमाल करने से मना कर चुके थे.

ट्रायल में क्या नतीजे मिले?
शोध में पाया गया कि 26 हफ्तों तक AD109 लेने वाले मरीजों में स्लीप एपनिया की गंभीरता करीब 44% तक कम हो गई. करीब 42% मरीज बीमारी की कम गंभीर श्रेणी में पहुंच गए, जबकि लगभग 18% मरीजों में अध्ययन के अंत तक ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया के लक्षण नहीं दिखे. यह परिणाम उन मरीजों के लिए खास उम्मीद माने जा रहे हैं, जिन्हें लंबे समय तक CPAP मशीन इस्तेमाल करने में परेशानी होती है.

क्या है CPAP मशीन?
आज स्लीप एपनिया के इलाज में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला तरीका CPAP यानी Continuous Positive Airway Pressure मशीन है. यह मशीन सोते समय लगातार हवा देकर सांस की नली को खुला रखने में मदद करती है. हालांकि कई मरीजों को इसे पहनकर सोने में दिक्कत होती है. यात्रा के दौरान भी इसे साथ ले जाना आसान नहीं माना जाता.

कैसे काम करती है नई दवा AD109?
AD109 दो दवाओं aroxybutynin और Atomoxetine का कॉम्बिनेशन है. Atomoxetine का इस्तेमाल आमतौर पर ADHD के इलाज में किया जाता है. ये दवाएं मिलकर सोते समय गले और ऊपरी सांस की नली की मांसपेशियों को सक्रिय बनाए रखने में मदद करती हैं. इससे सांस की नली बंद होने की संभावना कम हो जाती है.

क्या दिखे साइड इफेक्ट्स?
मुंह सूखना
मतली
अनिद्रा
जैसी समस्याएं शामिल थीं. हालांकि शोधकर्ताओं ने इन्हें सामान्य और नियंत्रित माना है.

कब तक मिल सकती है मंजूरी?
यह दवा उन लोगों के लिए सुविधाजनक विकल्प बन सकती है, जो CPAP मशीन का नियमित इस्तेमाल नहीं कर पाते. अमेरिकी FDA ने इस दवा की मंजूरी प्रक्रिया को फास्ट-ट्रैक किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 2027 तक इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.

क्या होता है स्लीप एपनिया?
स्लीप एपनिया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें सोते समय व्यक्ति की सांस बार-बार रुकती है. ऐसा आमतौर पर गले की मांसपेशियों के ढीला पड़ने से होता है, जिससे एयरवे ब्लॉक हो जाता है.

इसके सामान्य लक्षण

  • तेज खर्राटे

  • नींद में सांस रुकना

  • अचानक घुटन या हांफते हुए उठना

  • सुबह सिरदर्द

  • दिनभर थकान और नींद आना

  • ध्यान लगाने में दिक्कत

इसे कैसे कंट्रोल कर सकते हैं?

  • वजन नियंत्रित रखें

  • शराब और धूम्रपान से बचें

  • पीठ के बल सोने से बचें

  • नियमित नींद लें

  • डॉक्टर की सलाह पर CPAP या अन्य इलाज अपनाएं

ये भी पढ़ें: