Onion Juice Benefits for Hair
Onion Juice Benefits for Hair
Hair Growth Tips: आज के समय में अधिकांश लोग बालों के झड़ने, डैंड्रफ और समय से पहले बालों के सफेद होने की समस्या से परेशान हैं. यदि आपके भी बाल झड़ रहे हैं और डैंड्रफ की समस्या है तो रसोई में मौजूद प्याज से इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं. दरअसल, प्याज बालों के लिए रामबाण है. प्याज के रस (Onion Juice) को बालों में लगाने से ये घने, लंबे और मजबूत होते हैं.
प्याज का रस बालों के लिए एक प्राकृतिक टॉनिक है. यह सल्फर से भरपूर होने के कारण हेयर फॉल कम करने, हेयर फॉलिकल्स को पोषण देने और नए बाल उगाने (Hair Growth) में मदद करता है. प्याज में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण स्कैल्प के संक्रमण को रोकता है, डैंड्रफ कम करता है और बालों में चमक लाता है. आप बालों को झड़ने से रोकने के लिए सिर्फ प्याज का रस इस्तेमाल कर सकते हैं. बेहतर परिणाम के लिए आप प्याज के रस में नारियल तेल और एलोवेरा जेल मिलाकर भी लगा सकते हैं.
ऐसे तैयार करें प्याज का रस
प्याज का रस नए बाल उगाने में भी काफी मदद करता है. आपको मालूम हो कि हर बार ताजा प्याज का रस ही इस्तेमाल करें. लाल प्याज का रस बेहतर माना जाता है, क्योंकि इसमें सल्फर ज्यादा होता है. प्याज का रस तैयार करना बहुत ही आसान है. सबसे पहले एक या दो मध्यम आकार के प्याज लें. इसके बाद इन्हें छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. फिर इन्हें मिक्सर में पीसकर पेस्ट बना लें. अब इससे कपड़े या छलनी की मदद से रस निकाल लें. इस रस को कॉटन की सहायता से बालों की जड़ों में लगाएं और हल्के हाथों से मसाज करें. 30 से 35 मिनट तक बालों में प्याज के रस को लगे रहने दें, इसके बाद शैम्पू से बाल धो लें. सप्ताह में दो बार प्याज का रस इस्तेमाल करने से कुछ ही हफ्तों में फर्क दिखने लगता है.
प्याज का रस और नारियल तेल
प्याज के रस की तरह नारियल तेल भी बालों के लिए लाभदायक होता है. नारियल तेल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं. ये हेयर को हेल्दी बनाए रखते हैं. आप दो से तीन चम्मच नारियल तेल में प्याज का रस मिलाएं. इसके बाद इससे अपने स्कैल्प अच्छे से मसाज करें. फिर एक घंटे के बाद शैम्पू से हेयर वॉश कर लें. ऐसा हफ्ते में दो बार करने से बालों की झड़ने की समस्या बहुत हद तक दूर हो जाती है.
प्याज के रस में मिलाएं एलोवेरा जेल
प्याज के रस की तरह एलोवेरा जेल भी बालों के लिए अच्छा माना जाता है. एलोवेरा जेल बालों को मजबूत, मुलायम और शाइनी बनाने में मदद करता है. इतना ही नहीं एलेवेरा में एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं, जो बालों को झड़ने से बचाते हैं. आप चार से पांच चम्मच प्याज का रस लें और इसमें दो से तीन चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं. इसके बाद इससे स्कैल्प और बालों की जड़ों में अच्छी तरह से लगा लें. फिर एक घंटे के बाद शैम्पू से बालों को धो लें. ऐसा सप्ताह में दो से तीन दिन करने पर बालों का झड़ना बहुत हद तक कम हो जाता है.