scorecardresearch

Punjabi Dal Tadka Recipe: रसोई में लाएं पंजाब का देसी स्वाद, ऐसे लगाएं दाल में तड़का... मन भी बोलेगा 'बुर्राह...'

दाल तड़का केवल स्वाद को ही नहीं बढ़ाती बल्कि तड़के में पड़ने वाली चीज़े सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होती हैं.

Recipe Of Dal Tadka Recipe Of Dal Tadka

भारतीय खाने में दाल का अपना एक अलग ही स्वाद होता है. खासकर वेजिटेरियन लोगों के लिए यह प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स मानी जाती है. दाल में प्रोटीन के साथ-साथ फाइबर, आयरन और कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को हेल्दी रखने में मदद करते हैं. यही वजह है कि लगभग हर घर में रोजाना दाल बनाई जाती है. लेकिन अगर रोज एक जैसी नॉर्मस दाल खाकर आप बोर हो चुके हैं, तो आज आपको बताएंगे कि कैसे अपनी रसोई में आप पंजाब का स्वाद ला सकते हैं. इस रेसिपी में आपको पंजाबी स्टाइल तड़का बनाना सिखाएंगे, जिससे आपका दाल खाकर दिल खुश हो उठेगा.

तड़का बनाएगा दाल को लाजवाब
पंजाबी तड़के की सबसे बड़ी खासियत उसका देसी स्वाद और महक होती है. इस तड़के में आमतौर पर देसी घी या मक्खन का इस्तेमाल किया जाता है, जो दाल को रिच और टेस्टी बनाता है. तड़का लगाने के लिए सबसे पहले छोटे पैन में घी गर्म किया जाता है. फिर उसमें जीरा डाला जाता है, जिससे हल्की खुशबू आने लगती है. इसके बाद बारीक कटा लहसुन, हरी मिर्च और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भुना जाता है. आखिर में लाल मिर्च पाउडर और थोड़ी सी कसूरी मेथी डालते ही तड़का तैयार हो जाता है.

जब यह गरमागरम तड़का दाल पर डाला जाता है, तो उसकी महक पूरे घर में फैल जाती है. मसालों की खुशबू और घी का स्वाद दाल को बिल्कुल ढाबा स्टाइल बना देता है. यही वजह है कि पंजाबी तड़का वाली दाल लोगों को बेहद पसंद आती है.

स्वाद के साथ सेहत का भी खजाना
पंजाबी तड़का सिर्फ स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. तड़के में इस्तेमाल होने वाला लहसुन डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करता है, जबकि जीरा पेट से जुड़ी परेशानियों को कम करने में सहायक होता है. वहीं देसी घी शरीर को ऊर्जा देने का काम करता है. यही कारण है कि यह तड़का स्वाद और पोषण दोनों का शानदार मेल माना जाता है.

इस तड़के की खास बात यह भी है कि इसे मसूर, मूंग, अरहर या मिक्स दाल जैसी किसी भी दाल के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है. हर दाल का स्वाद इससे और भी ज्यादा निखर जाता है.

घर पर ऐसे बनाएं टेस्टी पंजाबी दाल
घर पर पंजाबी तड़के वाली दाल बनाना बेहद आसान है. सबसे पहले अपनी पसंद की दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 20 से 30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. इससे दाल जल्दी पकती है और उसका टेक्सचर भी अच्छा रहता है. अब कुकर में दाल, हल्दी, नमक और जरूरत अनुसार पानी डालकर 2 से 3 सीटी तक पका लें. दाल पकने के बाद उसे हल्का सा मैश कर लें, ताकि वह गाढ़ी और स्मूद हो जाए. अगर दाल ज्यादा गाढ़ी लगे तो उसमें थोड़ा गर्म पानी मिला सकते हैं. आखिर में तैयार पंजाबी तड़का डालें और गर्मागर्म रोटी या चावल के साथ सर्व करें.