scorecardresearch

Monsoon Health Tips: मानसून की दस्तक के साथ, रखें सेहत का ख्याल.. करें इन टिप्स को फॉलो, पूरा सीजन रहेंगे हेल्दी

मानसून के मौसम में अक्सर लोग भीगने के चलते बीमार हो जाते हैं. साथ ही कई बार ऐसा कुछ खा-पी लेते हैं, जो उनकी सेहत पर खराब प्रभाव कर सकता है. ऐसे में कुछ टिप्स को फॉलो करना जरूरी है.

AI Generated Image AI Generated Image

बारिश का मौसम गर्मी से राहत जरूर दिलाता है, लेकिन अपने साथ कई तरह की सेहत से जुड़ी परेशानियां भी लेकर आता है. देश के कई हिस्सों में मानसून की शुरुआत हो चुकी है और मौसम बेहतर हो गया है. लेकिन इस मौसम में वायरल इंफेक्शन, सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट से जुड़ी बीमारियां और एलर्जी का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है.

साफ पानी और खाना है जरूरी

मानसून के दौरान उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी ही पीना चाहिए. इससे पेट के इंफेक्शन और पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है.

इसके साथ ही बाहर खुले में रखे खाने से भी बचना चाहिए. कटे हुए फल, चाट, पकौड़ी और दूसरी स्ट्रीट फूड की चीजें जल्दी खराब हो सकती हैं. इस मौसम में घर का ताजा और साफ भोजन खाना सबसे सेफ माना जाता है.

ध्यान रखें हाथों की सफाई का

बारिश के मौसम में कीटाणु तेजी से फैलते हैं. इसलिए खाना खाने से पहले और बाहर से घर लौटने के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना जरूरी है. यह छोटी-सी आदत कई तरह के इंफेक्शन से बचाने में मदद करती है.

भीगने के बाद फौरन बदलें कपड़े

बारिश में भीगना कई लोगों को पसंद होता है, लेकिन भीगने के बाद लंबे समय तक गीले कपड़े पहनकर रहना ठीक नहीं है. इससे सर्दी-जुकाम, बुखार हो सकता है. इसलिए घर पहुंचते ही सूखे और साफ कपड़े पहन लेना बेहतर होता है.

इम्यूनिटी को रखें मजबूत 

मानसून में शरीर की रोग इम्यूनिटी मजबूत रखना बहुत जरूरी है. इसके लिए मौसमी फल, हरी सब्जियां, विटामिन-सी से भरपूर चीज़ें खाएं और ड्राई फ्रूट्स को अपनी डाइट में शामिल करें. साथ ही पर्याप्त पानी पिएं और रोज 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें.